गौतमबुद्ध नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू होने जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने के लिए सोमवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह महीने भर चलने वाला अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले भर में संचालित होगा। बैठक की अध्यक्षता लोक निर्माण विभाग (उत्तर प्रदेश) के राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने की, जिसमें जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। गौरतलब है कि यह अभियान केवल गौतमबुद्ध नगर तक सीमित नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली उत्तर प्रदेश सरकार पूरे राज्य में इसे प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को समर्पित कर रही है। राज्य स्तर पर इस अभियान की कमान उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को सौंपी गई है, जबकि गांवों, न्याय पंचायतों से लेकर जिला मुख्यालयों और महानगरों तक सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जनआंदोलन बनाने के निर्देश
समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर इसे एक व्यापक ‘जनअभियान’ का स्वरूप दिया जाए, ताकि आमजन तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी सीधे पहुंच सके।
महीने भर चलेंगे सेवा, स्वच्छता और सांस्कृतिक कार्यक्रम
बैठक में तय हुआ कि अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच सेवा, स्वच्छता और सांस्कृतिक गतिविधियों की श्रृंखला चलाई जाएगी। इसके साथ ही चित्रकला प्रतियोगिताओं और रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘सेवा की कहानी’ पर विशेष जोर
बैठक में दो कार्यक्रमों पर खास तौर पर चर्चा हुई — ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘सेवा की कहानी’। ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के जरिए सरकार की बीते 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जाएगा। इसके तहत विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए नागरिकों की सफलता की कहानियों को डिजिटल माध्यम, फोटो और वीडियो के जरिए व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा।
श्रमदान से पहले और बाद की तस्वीरें होंगी अपलोड
अभियान के तहत एक बड़ा स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि श्रमदान से पहले और बाद की तस्वीरें संबंधित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाएं, ताकि कार्यों की पारदर्शी निगरानी हो सके। अभियान का समापन जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर आयोजित कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा।
बैठक में रहे ये प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी
समीक्षा बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर और एमएलसी नरेंद्र भाटी मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी सहित तीनों प्राधिकरणों (नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण) के एसीईओ और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी शामिल हुए। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बैठक में भरोसा दिलाया कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी और अभियान को हर स्तर पर सफल बनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा वेस्ट सोसाइटी में उल्लू का हमला बंद, एओए-बिल्डर का आतंक जारी

