मयूर विहार फेज-3 में धरमशीला अस्पताल के पास गोदाम में भीषण आग

नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 इलाके में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वसुंधरा एन्क्लेव स्थित धरमशीला अस्पताल के ठीक पीछे बने एक बड़े गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। टिन शेड से बने करीब 3000 गज के इस गोदाम में लकड़ी, पीवीसी (PVC) और भारी मात्रा में अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था, जिसके चलते आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।

आसमान में धुएं का गुबार, कई किलोमीटर दूर तक दिखा नजारा

आग लगते ही आसमान में काले धुएं का घना गुबार उठने लगा, जिसे कई किलोमीटर दूर से भी साफ देखा जा सकता था। इससे आसपास की रिहायशी सोसायटियों और अस्पताल परिसर में रहने वालों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।

दोपहर करीब 3:30 बजे मिली सूचना, तुरंत रवाना हुईं गाड़ियां

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के कंट्रोल रूम को रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे आग लगने की पहली सूचना मिली। घटनास्थल एक बड़े अस्पताल के ठीक नजदीक होने के कारण दमकल विभाग ने बेहद सतर्कता के साथ आपातकालीन कार्रवाई शुरू की। शुरुआत में स्थानीय फायर स्टेशनों से गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग की भयावहता और गोदाम के बड़े क्षेत्रफल को देखते हुए बैकअप के तौर पर और गाड़ियां बुलानी पड़ीं। कुल मिलाकर दमकल विभाग की 16 गाड़ियां और दर्जनों दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और चारों ओर से मोर्चा संभालते हुए आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोका।

अस्पताल तक नहीं पहुंची आग, टला बड़ा हादसा

इस पूरी घटना में सबसे बड़ी राहत यह रही कि आग धरमशीला अस्पताल की मुख्य इमारत तक नहीं पहुंची और गोदाम तक ही सीमित रही। एहतियातन अस्पताल प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। रविवार की छुट्टी होने के कारण गोदाम में उस वक्त कर्मचारियों की मौजूदगी बेहद कम थी, जिस वजह से किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से झुलसने की खबर नहीं है। फिलहाल आग पर काबू पाने के बाद दमकल विभाग कूलिंग ऑपरेशन चला रहा है।

आग लगने के कारणों की अभी पुष्टि नहीं

आग किन कारणों से लगी, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गोदाम में मौजूद लकड़ी और PVC जैसी ज्वलनशील सामग्री के चलते आग तेजी से फैली। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। खबर लगातार अपडेट की जा रही है।

यह भी पढ़ें: एकंगरसराय नालंदा, निजी क्लिनिक में सर्जरी के बाद महिला की मौत, सड़क जाम

यहां से शेयर करें