प्रियंका गांधी के नाम और आवाज से ठगी की कोशिश, कार्यालय ने जारी किया स्कैम अलर्ट

New Delhi news  वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम और आवाज का कथित तौर पर इस्तेमाल कर साइबर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। प्रियंका गांधी के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लोगों को सतर्क करते हुए ‘स्कैम अलर्ट’ जारी किया है।
कार्यालय के अनुसार, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रियंका गांधी की कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार की गई फर्जी तस्वीरों और आवाज वाले वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। इन वीडियो में लोगों को निवेश करने और भारी मुनाफे का लालच दिया जा रहा है। कार्यालय ने स्पष्ट किया कि ऐसे सभी वीडियो फर्जी हैं।
लोगों से अपील की गई है कि ऐसे किसी लिंक पर क्लिक न करें और न ही बताए गए प्लेटफॉर्म पर पैसे का निवेश करें। संदिग्ध पोस्ट को रिपोर्ट करने और ब्लॉक करने की सलाह भी दी गई है।
इससे पहले अगस्त में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम पर भी एआई से बनाया गया फर्जी निवेश वीडियो सामने आया था। पीआईबी फैक्ट चेक ने इसे फर्जी बताते हुए कहा था कि वित्त मंत्री ने ऐसी किसी योजना का समर्थन नहीं किया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि साइबर ठग अब एआई तकनीक के जरिए जानी-मानी हस्तियों की नकली आवाज और वीडियो बनाकर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में निवेश से पहले जानकारी की आधिकारिक स्रोतों से पुष्टि करना बेहद जरूरी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें