Lucknow news बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से बाहर कर दिया है। इससे पहले 3 सितंबर 2026 को मायावती ने आकाश आनंद को बसपा के राष्ट्रीय संयोजक पद से हटा दिया था। अब उन्होंने आकाश आनंद की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी है। इस फैसले के साथ आकाश आनंद को बसपा से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है।
मायावती ने यह फैसला आकाश आनंद के ससुर और पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के ऐलान के बाद किया है। मायावती ने कहा कि अगर अशोक सिद्धार्थ ने सही समय पर राजनीति से किनारा कर लिया होता तो आकाश आनंद को इन परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ता।
अशोक सिद्धार्थ के फैसले पर मायावती ने उठाए सवाल
मायावती ने कहा कि अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति छोड़ने का फैसला सही समय पर नहीं लिया। उनका कहना है कि यदि उन्होंने यह कदम पहले उठा लिया होता तो बसपा, बहुजन मूवमेंट और आकाश आनंद को लगातार मुश्किल और विपरीत परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ता।
उन्होंने अशोक सिद्धार्थ की मंशा और निजी महत्वाकांक्षाओं को लेकर भी सवाल उठाए। मायावती के मुताबिक, यदि उन्हें वास्तव में आकाश आनंद के राजनीतिक भविष्य और बहुजन मूवमेंट की चिंता होती तो वह काफी पहले राजनीति से अलग हो जाते।
आकाश आनंद के रुख से नाराज मायावती
मायावती ने आकाश आनंद के रुख को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद पहले उनके एक्स पोस्ट को लगातार रिपोस्ट करते थे, लेकिन अशोक सिद्धार्थ से जुड़ी उनकी पोस्ट को उन्होंने रिपोस्ट नहीं किया।
मायावती ने इसे पार्टी की अपेक्षा पारिवारिक रिश्तों को प्राथमिकता देने का संकेत बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति ‘डबल माइंड’ होकर काम करेगा, वह बसपा का भला कैसे कर सकता है।
2027 के चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को नया लक्ष्य
आकाश आनंद को पार्टी से बाहर करने के बाद मायावती ने बसपा कार्यकर्ताओं को आगे की राजनीतिक रणनीति को लेकर लक्ष्य भी दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विरोधियों के सभी राजनीतिक हथकंडों का मजबूती से मुकाबला करने की अपील की।
मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के सिद्धांत पर पूरी ताकत से काम करने और पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का लक्ष्य रखा है। पार्टी से आकाश आनंद की विदाई के बाद अब बसपा की आगे की राजनीतिक रणनीति पर सबकी नजर रहेगी।

Lucknow news

