ग्रेटर नोएडा। रेलवे रोड स्थित मोहन कुंज धर्मशाला में पब्लिक स्कूल ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों से चयनित बेस्ट शिक्षकों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों को उनके कर्तव्य, जिम्मेदारी और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संरक्षक विनोद गोयल और हृदेश राव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सभी संस्थापकों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों को संस्था की ओर से मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिक्षकों को सम्मान देने का उद्देश्य हौसला बढ़ाना
संस्था के अध्यक्ष संदीप भाटी ने कहा कि पब्लिक स्कूल ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को उनके कर्तव्य के प्रति प्रेरित करना और उनके योगदान को सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान करने से उनका हौसला बढ़ता है और उन्हें यह एहसास होता है कि समाज उनके योगदान को महत्व देता है।
उन्होंने कहा कि जिस जिम्मेदारी के लिए शिक्षकों को चुना गया है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ किया जाना चाहिए। शिक्षक केवल बच्चों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिक्षक विधायक श्रीचंद्र शर्मा रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षक विधायक श्रीचंद्र शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों के साथ मिलकर चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
शिक्षकों के सम्मान के दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके योगदान की सराहना की। संस्था की ओर से कहा गया कि इस तरह के आयोजनों से शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
सतीश शर्मा ने किया कार्यक्रम का संचालन
सम्मान समारोह का कुशल संचालन सतीश शर्मा ने किया। कार्यक्रम के समापन पर संस्था के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि श्रीचंद्र शर्मा और संस्था के संरक्षकों को मोमेंटो एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया।
बड़ी संख्या में शिक्षाविद और स्कूल संचालक रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैलाश चौहान, राजेंद्र प्रसाद, भोपाल खारी, विक्रांत नागर, अनिल नागर, जोगिंदर नागर, नरेंद्र कुमार शर्मा, एसके सिंह, हरेंद्र, विनोद नागर, सुशील, हरिओम शर्मा, जोगिंदर, जगत सिंह सहित विभिन्न संस्थाओं के संस्थापक, प्रधानाचार्य और शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की भूमिका, उनके दायित्व और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उनके योगदान को लेकर भी चर्चा हुई। आयोजन में सम्मानित शिक्षकों ने संस्था का आभार जताया और शिक्षा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

