पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले दो संदिग्ध गिरफ्तार

New Delhi news  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से एक दिन पहले बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में सुरक्षा एजेंसियों ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। इनमें एक युवक ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का वरिष्ठ अधिकारी बताया और फर्जी पहचान पत्र दिखाया। उसके साथ मौजूद हथियारबंद व्यक्ति के पास से भरी हुई पिस्तौल बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले बीकेसी में एसपीजी और मुंबई पुलिस की कड़ी जांच चल रही थी। इसी दौरान दोनों संदिग्धों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ में युवक द्वारा दिखाया गया पीएमओ पहचान पत्र जांच में फर्जी पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-1 को सौंप दी गई है। केंद्रीय खुफिया एजेंसियां भी मामले की पड़ताल कर रही हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फर्जी पहचान पत्र कैसे तैयार हुआ और दोनों का वीआईपी कार्यक्रम स्थल के आसपास पहुंचने का वास्तविक उद्देश्य क्या था।
पुलिस ने फिलहाल प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से किसी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की है। दोनों से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

New Delhi news

यहां से शेयर करें