ट्रैफिक जाम में दिल के मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाया

New Delhi news  मुकरबा चौक के पास भारी ट्रैफिक जाम में फंसी दिल की मरीज महिला को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए समय पर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और मरीज के वाहन के लिए निर्बाध रास्ता सुनिश्चित किया।

पुलिस के अनुसार 7 सितंबर की शाम करीब 7:57 बजे ट्रैफिक ग्रुप में मुकरबा चौक के पास भारी जाम की सूचना मिली। अलीपुर गांव निवासी राजकुमार ने बताया कि वह अपनी 49 वर्षीय रिश्तेदार को उपचार के लिए सैंटम अस्पताल, पीतमपुरा ले जा रहे हैं और तत्काल यातायात सहायता की जरूरत है।

डीसीपी ट्रैफिक, उत्तरी रेंज डॉ. सचिन कुमार सिंघल की निगरानी में थाना अशोक विहार के ट्रैफिक निरीक्षक कमल कोहली ने तत्काल टीम को सक्रिय किया। एएसआई आनंद सिंह और हेड कांस्टेबल मनीष को मार्ग पर तैनात कर यातायात नियंत्रित कराया गया। मरीज के वाहन को रास्ता देने के लिए एक मार्ग को कुछ समय के लिए नियंत्रित करते हुए सुगम आवाजाही सुनिश्चित की गई।

समन्वित प्रयासों से मरीज को बिना किसी और देरी के सुरक्षित रूप से सैंटम अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोग के लिए आभार जताया।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि आपात स्थिति में हर सेकंड महत्वपूर्ण होता है और लोगों की जान तथा सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें