Cyber ​​fraud in Greater Noida: अस्पताल अपॉइंटमेंट के नाम पर OTP लेकर उड़ाए 54,500 रुपये, पुलिस ने कुछ घंटों में वापस कराई पूरी रकम

Cyber ​​fraud in Greater Noida: ग्रेटर नोएडा। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के हतेवा गांव निवासी गौरव कुमार साइबर ठगी का शिकार हो गए, लेकिन पुलिस की तेज कार्रवाई से उन्हें राहत मिल गई। बुधवार सुबह करीब 9 बजे गौरव ने एक अस्पताल में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने के लिए फोन किया था। इसके कुछ ही देर बाद उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई।

खुद को अस्पताल कर्मचारी बताकर मांगा OTP

कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को अस्पताल का कर्मचारी बताते हुए अपॉइंटमेंट कन्फर्म करने के नाम पर गौरव से ओटीपी मांगा। भरोसे में आकर गौरव ने ओटीपी साझा कर दिया। कुछ ही मिनटों बाद उनके बैंक खाते से 54,500 रुपये कट गए, जिसकी जानकारी मिलते ही उन्हें ठगी का एहसास हुआ।

तुरंत साइबर सेल में की शिकायत

रकम कटने का पता चलते ही गौरव कुमार दनकौर कोतवाली स्थित साइबर सेल पहुंचे और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बिना देर किए मामले पर काम शुरू किया और आरोपी का बैंक खाता तुरंत होल्ड करा दिया। इसके बाद बैंक से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया पूरी कराई गई।

उसी दिन वापस मिली पूरी रकम

पुलिस की सक्रियता का नतीजा यह रहा कि बुधवार रात करीब 8 बजे तक गौरव कुमार की पूरी रकम उनके खाते में वापस आ गई। पैसे मिलने पर गौरव ने दनकौर पुलिस और साइबर सेल का आभार जताया।

पुलिस की अपील: किसी को न बताएं OTP

साइबर सेल प्रभारी अनुराग मिश्रा ने आम लोगों से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर पीड़ित को बिना देरी किए तुरंत नजदीकी थाने या साइबर सेल में शिकायत दर्ज करानी चाहिए, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में खौफनाक वारदात, ओवरटेक करने पर स्कॉर्पियो सवारों ने की ताबड़तोड़ फ़ायरिंग, LLB छात्र घायल

यहां से शेयर करें