Krishnotsav in Noida: वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में जन्माष्टमी से पहले उमड़े श्रद्धालु

Krishnotsav in Noida: नोएडा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की पूर्वसंध्या पर वृंदावन चंद्रोदय मंदिर द्वारा आयोजित भव्य “कृष्णोत्सव” कार्यक्रम में पूरा शहर कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। सेक्टर-74 स्थित वेडिंग क्राउन बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस अलौकिक आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संध्या में हजारों श्रद्धालुओं और शहरवासियों ने असीम उत्साह के साथ भागीदारी की।

वैदिक मंत्रोच्चार से हुआ शुभारंभ, बाल-लीलाओं ने मोहा मन

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण के बीच हुई। इसके बाद बच्चों और निपुण कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल-लीलाओं तथा सनातन संस्कृति पर आधारित मनमोहक नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा सभागार तालियों तथा “जय श्री कृष्णा” के जयघोष से गूंज उठा।

पुलिस अधिकारी बने मुख्य अतिथि, गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी

समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस आर. एन. मिश्रा शामिल हुए। उन्होंने भारतीय आध्यात्मिक मूल्यों और सांस्कृतिक धरोहर को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के मंदिर प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में दिव्य कृष्णात्रेय (अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए सेक्टर-105), मनमोहन शर्मा (उद्योगपति), पीयूष द्विवेदी (अध्यक्ष, उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश) और मोनू चौहान (सीईओ, मूनलाइट इंफ्रा) समेत कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही। सभी अतिथियों ने नई पीढ़ी को सनातन परंपराओं से जोड़ने की इस पहल की सराहना की।

श्री राधा वृंदावन चंद्र का हुआ महाअभिषेक

कार्यक्रम का सबसे भावुक और अलौकिक पल रहा श्री राधा वृंदावन चंद्र का भव्य महाअभिषेक, जिसके लिए विग्रहों को विशेष रूप से श्री वृंदावन धाम से मंगवाया गया था। हरे कृष्ण महामंत्र के अखंड संकीर्तन और जयकारों के बीच संपन्न हुए इस महाअभिषेक ने श्रद्धालुओं को नोएडा में ही वृंदावन धाम की साक्षात आध्यात्मिक अनुभूति करा दी।

महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन

मंदिर के अध्यक्ष ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आध्यात्मिक महत्व और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेशों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। साथ ही मंदिर द्वारा चलाई जा रही सामाजिक व आध्यात्मिक गतिविधियों की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम का समापन महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें श्रद्धालु आगामी जन्माष्टमी उत्सव को लेकर नए उत्साह और भक्तिभाव से सराबोर नजर आए।

यह भी पढ़ें: Noida News: नोएडा में 5 साल के बेटे की संदिग्ध मौत, मां का आरोप- पिता ने कमर में मारा घूंसा, आरोपी हिरासत में

यहां से शेयर करें