Mumbai Bhandup: भांडुप पश्चिम इलाके में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब सनशाइन को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी की एक इमारत की 10वीं मंजिल से एक महिला कथित तौर पर कूद गई। गनीमत रही कि वह सीधे जमीन पर गिरने के बजाय बगल के एक पेड़ की डालियों में जाकर अटक गई, जिससे उसकी जान बच गई। पीड़िता की पहचान 26 वर्षीय प्रतीक्षा हिवराळे के रूप में हुई है, जो लेक रोड स्थित सनशाइन बिल्डिंग के एक फ्लैट से गिरी। घटना की जानकारी मिलते ही सुबह करीब 9:32 बजे मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। महिला जमीन से करीब 20-25 फीट की ऊंचाई पर पेड़ की डालियों में फंसी हुई मिली।
हुक लैडर से किया गया रेस्क्यू
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने हुक लैडर की मदद से महिला तक पहुंचकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उसे निजी एंबुलेंस के जरिए पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके बाएं पैर में गंभीर चोट आई है। बाद में उसे आगे के इलाज और सर्जरी के लिए सायन अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां फिलहाल वह इमरजेंसी वार्ड में भर्ती है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
चार महीने पहले हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, प्रतीक्षा की शादी महज चार महीने पहले हुई थी। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, क्योंकि उसकी हालत को देखते हुए पुलिस अभी तक उसका बयान दर्ज नहीं कर पाई है। इस संबंध में पुलिस ने डॉक्टरों से मेडिकल एंडोर्समेंट भी हासिल कर लिया है। पीड़िता के मायके पक्ष के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही महिला होश में आएगी और उसका बयान दर्ज हो पाएगा, उसके बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

