उत्तर प्रदेश कांग्रेस 7 सितंबर से शुरू करेगी ‘किसान अधिकार यात्रा’, पश्चिमी यूपी के 7 जिलों से गुजरेगा काफिला

 लखनऊ: उत्तर प्रदेश में किसानों, खेत मजदूरों, महिला किसानों, ग्रामीण युवाओं और पशुपालकों की समस्याओं को उठाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी और अखिल भारतीय किसान कांग्रेस (पश्चिम जोन) मिलकर ‘किसान अधिकार यात्रा’ का आयोजन करने जा रहे हैं। यह यात्रा 07 सितंबर 2026 से मुजफ्फरनगर जिले से शुरू होकर 13 सितंबर 2026 को गौतमबुद्धनगर में समाप्त होगी। इस संबंध में पूर्व कैबिनेट मंत्री और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष राजबहादुर द्वारा पत्र जारी कर यात्रा का पूरा कार्यक्रम और जिला समन्वयकों की सूची साझा की गई है। शीर्ष नेता हरी झंडी दिखाकर करेंगे शुभारंभ ‘किसान अधिकार यात्रा’ का शुभारंभ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (उ०प्र०) के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, उ०प्र० कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय और सह-प्रभारी सचिव संजीव आर्या द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय की मंशा के अनुरूप यात्रा के सफल संचालन के लिए विभिन्न जिलों में विधानसभा वार समन्वयकों की नियुक्ति की गई है।

7 दिवसीय यात्रा का पूरा शेड्यूल

07 सितंबर 2026 (मुजफ्फरनगर से शामली): यात्रा की शुरुआत मुजफ्फरनगर के मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से होगी, जिसके समन्वयक हरेन्द्र त्यागी बनाए गए हैं। रात्रि पड़ाव शामली में रहेगा।

08 सितंबर 2026 (शामली से बागपत): थानाभवन विधानसभा क्षेत्र में यात्रा का नेतृत्व समन्वयक आलम गुर्जर करेंगे। रात्रि पड़ाव बागपत में होगा।

09 सितंबर 2026 (बागपत से मेरठ): छपरोली विधानसभा क्षेत्र में यात्रा का दायित्व समन्वयक योगेश प्रधान संभालेंगे। रात्रि पड़ाव मेरठ में रहेगा।

10 सितंबर 2026 (मेरठ से गाजियाबाद): सिवालखास विधानसभा क्षेत्र में अवनीश काजला और कारी इरफान को समन्वयक बनाया गया है। रात्रि पड़ाव गाजियाबाद में होगा।

11 सितंबर 2026 (गाजियाबाद से हापुड़): लोनी विधानसभा क्षेत्र में यात्रा की कमान नरेंद्र सिंह चौहान, सुनील शर्मा और विवेक त्यागी संभालेंगे। रात्रि पड़ाव हापुड़ में होगा।

12 सितंबर 2026 (हापुड़ से गौतमबुद्धनगर): हापुड़ विधानसभा क्षेत्र में सुशील शर्मा और डॉ० मो० शोएब को समन्वयक नियुक्त किया गया है। रात्रि पड़ाव गौतमबुद्धनगर में रहेगा।

13 सितंबर 2026 (समापन): जेवर विधानसभा क्षेत्र में यात्रा पहुंचेगी, जहाँ दिनेश अवाना, शहाबुद्दीन और जयचन्द चौधरी समन्वयक के रूप में जिम्मेदारी निभाएंगे। यहाँ यात्रा का आधिकारिक समापन होगा। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस पार्टी किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े वर्गों के अधिकारों और माँगों को प्रभावी ढंग से उठाने का काम करेगी।

 

यह भी पढ़ें: Iran-Oman Agreement⁠: ईरान-ओमान हॉर्मुज जलडमरूमध्य वार्ता, अस्थायी कॉरिडोर पर बनी सहमति, अमेरिका से तनाव जारी

यहां से शेयर करें