ग्रेनो वेस्ट में निवेश के नाम पर महिला से 53 लाख की ठगी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। साइबर जालसाजों ने निवेश के नाम पर ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-2 निवासी एक महिला से करीब 53 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं। जालसाजों ने खुद को निवेश कंपनी का वरिष्ठ अधिकारी बताकर उन्हें आईपीओ और शेयर बाजार में निवेश से मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। इसके बाद फर्जी एप के जरिए निवेश की रकम और मुनाफा दिखाकर महिला को लगातार निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया।

जानकारी के मुताबिक, 19 अप्रैल को मीरा अय्यर नाम की महिला ने व्हाट्सएप के जरिए पीड़िता से संपर्क किया। उसने खुद को एक कैपिटल कंपनी की वरिष्ठ प्रतिनिधि बताया। बातचीत के दौरान उसने आईपीओ और शेयर बाजार में निवेश करने पर अच्छा रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया। जालसाजों ने महिला को अपनी बातों में फंसाकर निवेश के लिए तैयार कर लिया।

इसके बाद ठगों ने पीड़िता को गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध नहीं होने वाले कुछ एंड्रॉयड एप के सीधे लिंक भेजे। महिला ने जालसाजों के बताए लिंक से एपीके फाइल के रूप में तीन एप डाउनलोड किए। इन एप पर उसके द्वारा जमा की गई रकम के साथ काफी अधिक मुनाफा दिखाया जाता था। रकम बढ़ती देखकर पीड़िता को निवेश सही होने का भरोसा होता गया।

कुछ समय बाद महिला ने जब एप में दिखाई जा रही अपनी निवेश की रकम और मुनाफे को निकालने की कोशिश की तो उसे ठगी का पता चला। रकम निकालने के लिए संपर्क करने पर जालसाजों ने बातचीत बंद कर दी और उनका फोन भी संपर्क से बाहर हो गया। इसके बाद पीड़िता को समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं।

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जालसाजों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप संपर्क, बैंक खातों और फर्जी एप से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

साइबर ठगी से कैसे बचें

विशेषज्ञों के मुताबिक, किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर व्हाट्सएप या अन्य माध्यम से मिले लिंक से APK फाइल डाउनलोड नहीं करनी चाहिए। निवेश से जुड़े किसी भी ऑफर की जानकारी संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत प्लेटफॉर्म से ही जांचनी चाहिए। इसके अलावा किसी भी व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते या निवेश खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की पुष्टि करना जरूरी है।

 

ये भी पढ़ें: Iran-US tensions: ईरान ने अमेरिकी प्रतिबंधों को बताया ‘हताशा’, पाकिस्तान सेना प्रमुख की तेहरान यात्रा से गरमाई भू-राजनीति

यहां से शेयर करें