New Delhi news दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्य हरीश माथुर की हत्या के मामले में फरार चल रहे टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के कथित सहयोगी अर्जुन पंडित उर्फ प्रमोद (36) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 22 अगस्त को हरियाणा के सोनीपत के राय से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को कराला क्षेत्र में हरीश माथुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में तीन आरोपियों राहुल रंगा, साहिल उर्फ विशाल और अर्जुन उर्फ प्रमोद की भूमिका सामने आई। राहुल और साहिल को रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ पहले ही 2 अगस्त को गिरफ्तार कर चुका था, जबकि अर्जुन वारदात के बाद फरार होकर लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
जांच के अनुसार वारदात के दिन अर्जुन मोटरसाइकिल चला रहा था, जबकि राहुल और साहिल पीछे बैठे थे। आरोपियों ने पहले हरीश के कार्यालय की रेकी की और उसके घर जाते समय पीछा कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, राहुल और साहिल ने हरीश पर गोली चलाई, जिसके बाद तीनों फरार हो गए।
पूछताछ में अर्जुन ने कथित तौर पर अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार वह त्वरित आर्थिक लाभ के लिए टिल्लू ताजपुरिया गिरोह से जुड़ा था। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे गैंगवार और आर्थिक लाभ को कारण बताया गया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं मिला है। मामले में आगे की जांच जारी है।
New Delhi news

