ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख क्षेत्र के सेक्टर-1 में गुरुवार को एक फिटनेस जिम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट, सीएफओ गौतमबुद्धनगर और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
जानकारी के मुताबिक, आग सेक्टर-1 में स्थित एक इमारत के द्वितीय तल पर बने फिटनेस जिम में लगी थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस टीम ने मौके पर पहुंचकर हौज पाइप बिछाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
छत पर फंसे 5 लोगों को सुरक्षित निकाला
आग लगने के बाद जिम में धुआं भर गया था। इस दौरान छत पर पांच लोग फंस गए। फायर सर्विस टीम ने सुरक्षा उपकरण पहनकर सभी पांचों लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उन्हें बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई।
क्रेन की मदद से शीशा तोड़कर बुझाई आग
जिम में अत्यधिक धुआं भरने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। इसके बाद क्रेन की सहायता से शीशा तोड़ा गया, जिससे वेंटिलेशन का रास्ता बनाया जा सके। करीब पांच फायर टेंडरों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
सीएफओ को आई सामान्य चोट
आग बुझाने और वेंटिलेशन की कार्रवाई के दौरान सीएफओ गौतमबुद्धनगर को सामान्य चोट आई। हालांकि उनकी हालत सामान्य बताई गई है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फायर विभाग और पुलिस की ओर से आग लगने के कारणों की जांच समेत अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

