New Delhi news दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कपिल सांगवान उर्फ नंदू और बंबीहा गैंग से जुड़े दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हरमनजीत सिंह (23), निवासी अमृतसर और हरदीप सिंह उर्फ बिल्ला (22), निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली और पंजाब के लुधियाना में फायरिंग के दो मामलों में वांछित थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो सेमी-आॅटोमैटिक पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को छावला थाना क्षेत्र के नजफगढ़ स्थित दीनपुर गांव में उमेद सिंह के घर पर फायरिंग हुई थी। घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। जांच के दौरान विदेशी ठिकाने से संचालित गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू की भूमिका सामने आने पर क्राइम ब्रांच ने मानव और तकनीकी सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। दोनों को बावाना-कंझावला रोड पर सुल्तानपुर डबास के पास बजितपुर क्रॉसिंग बस स्टॉप से गिरफ्तार किया गया।
*हत्या की सुपारी मिलने का दावा*
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें कनाडा में रह रहे देवेंद्र सिंह उर्फ गोपी लाहोरिया के निर्देश पर दिल्ली में एक व्यक्ति की हत्या का काम सौंपा गया था। पुलिस के मुताबिक दोनों 14 अगस्त को बस से दिल्ली पहुंचे और द्वारका मोड़ के पास एक होटल में ठहरे। अगले दिन उन्हें पूर्वी दिल्ली से दो हथियार और 19 कारतूस मिले थे।
आरोपियों के अनुसार, 16 अगस्त को उन्होंने उमेद सिंह को निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन घर में महिलाओं और बच्चों को देखकर फायरिंग किए बिना वहां से भाग गए। इसके बाद 17 अगस्त को लुधियाना में एक स्थान पर हरदीप ने कथित तौर पर हवा में दो गोलियां चलाईं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को दोबारा दिल्ली लौटकर वारदात को अंजाम देने के निर्देश मिले थे, लेकिन इससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
*पुराना आपराधिक रिकॉर्ड*
पुलिस के मुताबिक हरदीप सिंह हत्या, एनडीपीएस, जेल में मोबाइल फोन के इस्तेमाल और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में पहले भी शामिल रहा है और जून 2026 में जेल से बाहर आया था। वहीं हरमनजीत सिंह के खिलाफ पंजाब में चोरी और लूट से जुड़े मामले दर्ज हैं तथा वह जुलाई 2026 में जेल से रिहा हुआ था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने फायरिंग की घटना को 2024 में मारे गए दीनपुर निवासी बल्लू पहलवान और कपिल सांगवान उर्फ नंदू के बीच कथित पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा है।
New Delhi news

