New Delhi news दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एनडीआर यूनिट ने दो करोड़ रुपये की फिरौती के लिए कारोबारी के अपहरण के मामले में फरार चल रहे मोहम्मद वामिक (29) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर दिल्ली पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस टीम ने न्यू अशोक नगर में आरोपी को पकड़ने के लिए करीब दो किलोमीटर तक पैदल पीछा किया।
पुलिस के अनुसार, 2 जनवरी 2026 को कबाड़ कारोबारी निजामुद्दीन का ओखला मेट्रो स्टेशन के पास से पांच लोगों ने अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने उसे दो करोड़ रुपये की फिरौती के लिए बंधक बनाया और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी उसे कार में लेकर मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर जा रहे थे, तभी पेट्रोल पंप के पास मौका पाकर कारोबारी गाड़ी से कूदकर भाग निकला।
जांच में वामिक को मामले का मुख्य साजिशकर्ता पाया गया। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची थी और वारदात में इस्तेमाल टाटा पंच कार की व्यवस्था की थी। मामले में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि वामिक और उसका साथी नोमान फरार थे। दोनों को मार्च 2026 में अदालत ने फरार घोषित किया था और अप्रैल में उनकी गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि वामिक न्यू अशोक नगर आने वाला है। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ चोरी, लूट, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत पांच मामले पहले से दर्ज हैं।
New Delhi news

