ग्रेटर नोएडा में 11 से 13 अगस्त तक होगा इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026, वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर प्रशासन अलर्ट

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 11 से 13 अगस्त तक आयोजित होने वाले इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 और प्रस्तावित वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी मेघा रूपम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बिजली, पेयजल, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों का प्रस्तुतिकरण दिया। समीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग, अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं, वीआईपी मूवमेंट और अतिथि सत्कार से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा की गई।

डीएम ने दिए समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश

जिलाधिकारी मेघा रूपम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि एक्सपो में देश-विदेश से बड़ी संख्या में प्रतिनिधि, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, निवेशक, नीति निर्माता और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। ऐसे में आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था उच्च गुणवत्ता की और सुव्यवस्थित होनी चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, स्वच्छता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अतिथियों और प्रतिनिधियों के लिए उत्कृष्ट आतिथ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बायोएनर्जी और ग्रीन फ्यूल पर होंगे विशेष सत्र

बैठक में बताया गया कि एक्सपो के पहले दिन प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा, जिसके साथ बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े तकनीकी और नीतिगत सत्रों की शुरुआत होगी। 12 अगस्त को आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों में सीईओ राउंडटेबल, विभिन्न राज्य सरकारों के विशेष सत्र, निवेश एवं उद्योग सहयोग, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF), वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, कार्बन मार्केट और ऊर्जा क्षेत्र की नई तकनीकों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।

15 हजार से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना

आयोजकों के अनुसार एक्सपो में 25 से अधिक सम्मेलन सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें 120 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ता, 150 से अधिक प्रदर्शक, 1,000 से अधिक प्रतिनिधि तथा 15,000 से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन बायोएनर्जी, हरित ऊर्जा और सतत विकास के क्षेत्र में देश के प्रमुख आयोजनों में शामिल माना जा रहा है।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में यूपीनेडा के निदेशक रविंद्र सिंह, इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी के डायरेक्टर जनरल संजय गंजू, एडिशनल पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल और सुरक्षित बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

यह एक्सपो भारत में हरित ऊर्जा, बायोफ्यूल और स्वच्छ ऊर्जा तकनीकों को बढ़ावा देने के साथ-साथ निवेश और उद्योग सहयोग के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

 

यह भी पढ़ें: आईएमएस नोएडा में छात्रों के लिए बूटकैंप आयोजित, मीडिया, आईटी और मैनेजमेंट की बारीकियों से हुए रूबरू

यहां से शेयर करें