New Delhi news उत्तर जिला पुलिस की लाल किला चौकी (कोतवाली थाना) टीम ने दो शातिर स्नैचरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से आठ चोरी के दोपहिया वाहन, एक छीना गया मोबाइल फोन, एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक बटनदार चाकू बरामद किया गया है। इस कार्रवाई से वाहन चोरी और स्नैचिंग के नौ मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 12-13 जुलाई की रात गुप्त सूचना मिली थी कि दो शातिर स्नैचर गोल्डन जुबली पार्क, आउटर रिंग रोड के पास आने वाले हैं। सूचना पर लाल किला चौकी प्रभारी एसआई आयुष बजाज के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की। कुछ देर बाद ट्रांस यमुना की ओर से मोटरसाइकिल पर आए दोनों संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश में एक पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और दोनों आरोपी पैदल भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिश उर्फ आरिस (25) और शाहिद उर्फ अकरम (26), निवासी श्रीराम कॉलोनी, खजूरी खास के रूप में हुई। तलाशी में उनके पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक बटनदार चाकू और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच में मोटरसाइकिल और मोबाइल दोनों चोरी के निकले।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी का इस्तेमाल मोबाइल और अन्य सामान की स्नैचिंग के लिए करते थे। दो-तीन वारदातों के बाद वाहन यमुना खादर क्षेत्र में छोड़ देते थे ताकि पुलिस तक उनकी पहचान न पहुंच सके। उनकी निशानदेही पर वहां से सात अन्य चोरी के दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी शराब के आदी हैं। आरिश के खिलाफ पहले से 10 तथा शाहिद के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों ने यह भी बताया कि करीब एक माह पहले उन्होंने गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से किसी अज्ञात व्यक्ति से देसी पिस्तौल और चाकू खरीदा था, ताकि वारदात के दौरान विरोध होने पर उसका इस्तेमाल कर सकें।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं।
New Delhi news

