New Delhi news उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने मानवता और तत्परता का परिचय देते हुए महज छह घंटे में एक सनसनीखेज चोरी का खुलासा कर दिया। पुलिस ने 25 वर्षीय शातिर चोर अभिषेक उर्फ राजे को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 12.5 लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए सोने-चांदी के सभी आभूषण बरामद कर लिए।
सबसे भावुक पहलू यह रहा कि ये आभूषण एक परिवार ने अपनी छह वर्षीय बेटी की रीढ़ (स्पाइन) की गंभीर सर्जरी के लिए वर्षों की जमा-पूंजी और गहने बेचकर जुटाए थे। बच्ची का इलाज एम्स में चल रहा है। चोरी के बाद परिवार गहरे सदमे में था और इलाज जारी रखने के लिए मकान गिरवी रखने तक की नौबत आ गई थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार की उम्मीदें फिर लौट आईं।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को केशवपुरम थाना क्षेत्र के गणेशपुरा, त्रिनगर स्थित एक मकान में खिड़की तोड़कर चोरी की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से मिली। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए), 331(3) एवं 317(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसआई मोहित के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल पवन और हेड कांस्टेबल रमेश की टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार प्रयासों के आधार पर वजीरपुर जेजे कॉलोनी निवासी अभिषेक उर्फ राजे को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर वजीरपुर स्थित उसके ठिकाने से चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए। बरामद सामान में सोने के मंगलसूत्र, चूड़ियां, चेन, अंगूठियां, झुमके, बच्चों और महिलाओं की चांदी की पायलें, बिछुए तथा कड़ा शामिल हैं। पुलिस ने सभी आभूषण परिवार को सौंप दिए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी दो चोरी के मामलों में शामिल रह चुका है। मामले की आगे की जांच जारी है।
New Delhi news

