Noida Kasna Sirsa roundabout controversy: नोएडा। थाना कासना क्षेत्र के सिरसा गोल चक्कर के पास सर्विस रोड पर बृहस्पतिवार देर रात दो सहकर्मियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
पुलिस को डायल-112 के जरिए सूचना मिली थी कि सर्विस रोड पर दो व्यक्तियों के बीच विवाद हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन इससे पहले ही स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचा दिया था। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बरेली निवासी 32 वर्षीय सुरेश के रूप में हुई है। दूसरे घायल व्यक्ति की पहचान 40 वर्षीय नरेश के रूप में हुई है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
थाना प्रभारी पंकज कुमार शर्मा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुरेश और नरेश एक ही कंपनी में कार्यरत थे और दोनों के बीच एक महिला मित्र को लेकर पहले से अनबन चल रही थी। इसी विवाद के चलते दोनों के बीच झड़प हुई, जिसमें एक-दूसरे पर धारदार व नुकीले हथियार से वार किए गए। मृतक के शरीर पर मिले घाव के निशानों से भी नुकीली वस्तु से हमले की पुष्टि होती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर आगे की कार्यवाही के लिए पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह मृतक के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी/दूसरे पक्ष के व्यक्ति के उपचाराधीन होने के चलते उससे पूछताछ स्वास्थ्य लाभ के बाद की जाएगी। पुलिस ने बताया कि घटना से जुड़े सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। मामले में और जानकारी सामने आने पर पुलिस अपडेट देगी।

