ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 4 प्रतिशत आवासीय प्लॉट की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को ग्राम घोड़ी बछेड़ा और ग्राम जुनपत में किसान सभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रभावित किसानों ने हिस्सा लिया। दोनों गांवों के किसानों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
20 जुलाई को प्राधिकरण पर विशाल अनशन का ऐलान
किसानों ने सभा के दौरान घोषणा की कि 20 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर विशाल अनशन आयोजित किया जाएगा। उनका कहना है कि जब तक अधिग्रहित भूमि के बदले मिलने वाले शेष 4 प्रतिशत आवासीय प्लॉट नहीं दिए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा
किसानों ने कहा कि उनका संघर्ष पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि 4 प्रतिशत आवासीय प्लॉट उनका वैधानिक अधिकार है और इसे हासिल करने के लिए वे संगठित होकर लगातार आंदोलन करेंगे।
सभा में मौजूद किसानों ने एक स्वर में कहा कि वर्षों से लंबित इस मांग का समाधान अब और टाला नहीं जाना चाहिए। यदि प्राधिकरण ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्राधिकरण से जल्द समाधान की मांग
किसानों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से मांग की कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करते हुए पात्र किसानों को शेष 4 प्रतिशत आवासीय प्लॉट आवंटित किए जाएं। उनका कहना है कि इससे लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा और किसानों को न्याय मिल सकेगा। 20 जुलाई को प्रस्तावित विशाल अनशन को लेकर किसानों ने अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी की अपील भी की है।

