नोएडा पुलिस की कार्रवाई: वाहन चोर गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार, 12 मोटरसाइकिल/स्कूटी बरामद

नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एफएनजी सर्विस रोड़ स्थित ग्रीन बेल्ट के पास से दोनों आरोपियों को दबोचा।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गौरव पुत्र महेन्द्र सिंह (26 वर्ष), निवासी ग्राम सहेल, जिला अमरोहा (वर्तमान पता गाजीपुर, दिल्ली) और मन्नू पुत्र मनोज (19 वर्ष), निवासी ग्राम निधौली, थाना धौलाना, जिला हापुड़ (वर्तमान पता छिजारसी कॉलोनी, सेक्टर-63, नोएडा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 चोरी की मोटरसाइकिल/स्कूटी, एक फर्जी नम्बर प्लेट और एक अवैध चाकू बरामद किया है। बरामद 12 वाहनों में से 8 वाहनों के संबंध में एनसीआर क्षेत्र के विभिन्न थानों में पहले से अभियोग पंजीकृत हैं।

पूछताछ में हुए अहम खुलासे

एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त गौरव मजदूरी का काम करता है और लंबे समय से एनसीआर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल है। वह पहले भी दिल्ली से जेल जा चुका है। दूसरा अभियुक्त मन्नू मोटरसाइकिल में पंक्चर लगाने का काम करता है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मिलकर पहले ऐसे इलाकों की रेकी करते थे जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होते थे। इसके बाद मौका मिलते ही वे मोटरसाइकिल/स्कूटी चोरी कर लेते और उन्हें किसी अन्य स्थान पर छिपा देते थे। कुछ समय बाद चोरी के इन वाहनों को कम कीमत पर राह चलते लोगों को बेच दिया जाता था, या फिर वाहनों के पार्ट्स निकालकर अलग-अलग बेच दिए जाते थे।

बरामदगी का विवरण-

  1. 12 चोरी की मोटरसाइकिल/स्कूटी
  2. 01 अवैध चाकू
  3. 01 फर्जी नम्बर प्लेट

यह भी पढ़ें : निजामाबाद हत्याकांड: नर्स पत्नी ने प्रेमी संग रचा पति की हत्या का षड्यंत्र, पहले छत से धक्का, फिर ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर देकर मार डाला

यहां से शेयर करें