निजामाबाद हत्याकांड: नर्स पत्नी ने प्रेमी संग रचा पति की हत्या का षड्यंत्र, पहले छत से धक्का, फिर ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर देकर मार डाला

निजामाबाद हत्याकांड: तेलंगाना के निजामाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक नर्स पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके एक साथी के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रशांत के रूप में हुई है, जो खाड़ी देश में काम करता था।

पहले छत से धक्का, फिर घातक साजिश

पुलिस के अनुसार, आरोपी पत्नी संध्या का प्रेमी अनिल के साथ अवैध संबंध था, और पति प्रशांत इस रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसी वजह से 30 जून को दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। प्रशांत को शराब पिलाकर नशे में धुत करने के बाद छत से नीचे धकेल दिया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं, लेकिन उसकी जान बच गई। इस घटना को हादसा बताकर पहले सबको गुमराह किया गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान दूसरी साजिश

चूंकि संध्या खुद एक नर्स थी, इसलिए अस्पताल में पति की देखभाल की जिम्मेदारी उसी ने संभाली, और इसी का फायदा उठाकर उसने बार-बार प्रशांत की IV ड्रिप में टॉयलेट क्लीनिंग लिक्विड मिला दिया, जिससे धीरे-धीरे जहर फैलने से उसकी मौत हो गई। बाद में घर लाने के बाद भी, प्रेमी अनिल के उकसाने पर संध्या ने कैनुला के जरिए एनेस्थीसिया और टॉयलेट क्लीनर का घातक इंजेक्शन दोबारा लगाया और उसे खाट से नीचे धकेल दिया।

मां की शिकायत पर खुला राज

मृतक की मां ने 1 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें 30 जून को अपने बेटे प्रशांत की मौत के बारे में पता चला। शक होने पर पुलिस ने जांच शुरू की और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पूरा मामला उजागर हो गया।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी वेंकट साई ने बताया कि उसने ही पहली कोशिश में प्रशांत को छत से फेंकने में मदद की थी। पुलिस ने पत्नी संध्या, प्रेमी अनिल और साथी वेंकट साई को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि अदालत में मजबूत सबूत पेश किए जा सकें।

यह भी पढ़ें: Crime News: सुरक्षा गार्डों पर हमलों का सिलसिला जारी, सेक्टर-116 में दो गिरफ्तार, एक हफ्ते में दूसरी वारदात

यहां से शेयर करें