Noida News: नोएडा, सेक्टर-88 स्थित बी ब्लॉक की बी-40 में स्थित ‘सुरभि इंटरनेशनल’ नामक कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटनाक्रम
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:15 बजे सूचना मिली कि सेक्टर-88, ब्लॉक-बी स्थित कंपनी में आग लगी है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं। साथ ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जब तक टीम पहुंची, तब तक आग ने कंपनी के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल दोनों को अपनी चपेट में ले लिया था। घटना के समय कंपनी बंद थी, जिसके चलते अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। आग की सूचना सबसे पहले कंपनी के सुरक्षा गार्ड ने दी, जिसने पीछे की ओर से धुआं उठता देखा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में भारी धुआं फैल गया, जिससे आसपास की इकाइयों और स्थानीय निवासियों में भी दहशत का माहौल बन गया।
आठ गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने आठ फायर टेंडर मौके पर भेजे। फायरफाइटर्स ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और उसे आसपास की अन्य इकाइयों तक फैलने से रोक दिया। एहतियात के तौर पर आसपास की कंपनियों की भी निगरानी की गई।
कोई जनहानि नहीं
राहत की बात यह रही कि घटना के समय कंपनी बंद होने के कारण अंदर कोई व्यक्ति नहीं फंसा और किसी को कोई चोट भी नहीीं आई। प्रशासन ने इसे बड़ा हादसा टलने की घटना बताया है।
शॉर्ट सर्किट बनी वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंपनी का इलेक्ट्रिकल पैनल काफी पुराना हो चुका था, जिसमें शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी उठी और आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस और फायर विभाग की टीम जांच में जुटी है। नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

