बरौला क्षेत्र से पकड़े गए संदिग्ध, RWA और नागरिकों के संयुक्त प्रयास से मिली कामयाबी
नोएडा के सेक्टर-116 स्थित प्लॉट नंबर एस.के.-121 में तीन जुलाई को दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस ने घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस खुलासे में सेक्टर-117 की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की सक्रियता, हाई-रिजोल्यूशन CCTV नेटवर्क, जागरूक नागरिकों और सोशल मीडिया की अहम भूमिका रही।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-116 में चोरी की वारदात से करीब 40 मिनट पहले यही तीनों संदिग्ध सेक्टर-117 में संभावित रेकी के इरादे से घूमते नजर आए थे। सेक्टर-117 RWA द्वारा पूरे सेक्टर में हर 30 से 50 मीटर की दूरी पर लगभग 50 हाई-रिजोल्यूशन CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें से 10 से 15 कैमरों में इन संदिग्धों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से कैद हो गईं। संदिग्ध हरकतें देखते ही RWA अध्यक्ष एडवोकेट कोसिंदर यादव ने गेट नंबर-01 पर तैनात सुरक्षा गार्ड को तुरंत इन्हें रोकने का निर्देश दिया और खुद मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। इस दौरान इनके पहचान पत्र जांचे गए और फोटो लिए गए, इसके बाद उन्हें सेक्टर से बाहर कर दिया गया।
देर रात जब सेक्टर-116 चोरी की CCTV फुटेज सामने आई, तो साफ हो गया कि आरोपी वही व्यक्ति थे जिन्हें उसी दिन दोपहर करीब 1:30 बजे सेक्टर-117 में रोका गया था। इसके बाद सेक्टर-117 RWA ने अपनी CCTV फुटेज और संदिग्धों की तस्वीरें तुरंत सेक्टर-116 RWA को उपलब्ध कराईं। सोशल मीडिया और स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुपों में तस्वीरें साझा किए जाने से पहचान स्थापित करने में बड़ी मदद मिली। आज सुबह मिली सूचना पर स्थानीय लोगों ने बरौला क्षेत्र से तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया और सेक्टर-116 RWA के सहयोग से पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
RWA अध्यक्ष कोसिंदर यादव ने कहा कि यह सफलता आधुनिक CCTV व्यवस्था, समय पर बरती गई सतर्कता और नागरिकों के सहयोग का नतीजा है। उन्होंने सभी सेक्टरों की RWAs से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में CCTV निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करें, साथ ही नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस और RWA को देने का आग्रह किया। उन्होंने बरौला गांव के निवासियों और पुलिस प्रशासन का इस कार्रवाई में सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि एक सुरक्षित समाज पुलिस के अकेले प्रयास से नहीं, बल्कि जागरूक नागरिकों और सक्रिय RWA के मिले-जुले प्रयासों से ही बनता है।

