आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित रेणुका धाम कॉलोनी से एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। यहां रहने वाले 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनकी अपनी पत्नी रूबी शर्मा ने की। हत्या के बाद शव को घर के बाथरूम में ही दफनाकर ऊपर से नया पक्का फर्श और टाइल्स बिछवा दी गईं, ताकि किसी को शक न हो सके।
कैसे हुई वारदात
पुलिस पूछताछ में सामने आई जानकारी के अनुसार, 17 मई की रात सुरेंद्र शराब के नशे में घर लौटे और पत्नी रूबी के साथ मारपीट की। इससे आहत रूबी ने घर में रखी नींद की गोलियां पीसकर मीठी खीर में मिला दीं और पति को खिला दीं। अगली सुबह यानी 18 मई को जब रूबी ने देखा तो सुरेंद्र बिस्तर पर मृत पड़े थे। इसके बाद रूबी ने बड़ी चालाकी से सास और दोनों बेटियों 13 वर्षीय रिद्धि और 9 वर्षीय सिद्धि को जेठ अनिल शर्मा के साथ भरतपुर भेज दिया। घर खाली होते ही उसने पति के शव को घसीटकर बाथरूम तक पहुंचाया, फर्श तोड़कर करीब दो फीट गहरा गड्ढा खोदा और शव को उसमें दबा दिया। शव जल्दी गलने के लिए ऊपर से नमक डाला और फिर मंगवाई गई मिट्टी से गड्ढा भरकर समतल कर दिया। यह पूरा काम उसने महज एक घंटे में अंजाम दिया।
45 दिन तक चलता रहा झूठ का सिलसिला
शव दफनाने के बाद रूबी ने जेठ को फोन कर एक और झूठी कहानी गढ़ी कि सुरेंद्र घर आकर ताला खुलवाकर झगड़ा करने लगे और पैसे लेकर फरार हो गए। इस कहानी को असली दिखाने के लिए वह खुद भी अगले दिन बच्चों के पास राजस्थान चली गई और करीब एक हफ्ते वहीं रुकी। जब कोई सुराग नहीं मिला तो 26 मई को जेठ अनिल शर्मा ने सिकंदरा थाने में सुरेंद्र की गुमशुदगी दर्ज करा दी। इसके बाद रूबी आगरा लौटी और चुपके से मिस्त्री बुलाकर बाथरूम के फर्श की मरम्मत करवाकर नई टाइल्स लगवा दीं। हैरानी की बात यह रही कि इसके बाद करीब 45 दिनों तक वह उसी बाथरूम में रोज नहाती रही, जहां उसके पति का शव दबा था। इस दौरान वह पुलिस के साथ बैठकर सीसीटीवी फुटेज भी खंगालती रही और पति की चिंता में रोने-बिलखने का नाटक भी करती रही।
ऐसे खुला राज
पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान कई बातें आपस में मेल नहीं खा रही थीं। मृतक के भाई अनिल शर्मा ने भी कुछ अहम जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस दोबारा घर पहुंची। तलाशी के दौरान पुलिस की नजर बाथरूम के ताजा प्लास्टर पर पड़ी, जिससे शक और गहरा हो गया। फर्श खुदवाने पर नीचे से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ। खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में रूबी शर्मा ने हत्या की बात कबूल कर ली है। उसने यह भी बताया कि वह अपराध सीरियल ‘क्राइम पेट्रोल’ देखती थी और फिल्म ‘दृश्यम’ से प्रभावित होकर उसे शव ठिकाने लगाने का विचार आया।
पारिवारिक कलह बनी वजह
मृतक के भाई अनिल शर्मा के अनुसार सुरेंद्र शराब के आदी थे, जिसके चलते दंपती के बीच अक्सर विवाद होता था। सुरेंद्र मूल रूप से भरतपुर, राजस्थान के रहने वाले थे और पिछले नौ साल से परिवार सहित आगरा में रह रहे थे। उनकी शादी 2010 में इटावा निवासी रूबी से हुई थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस पूरी साजिश में रूबी के अलावा किसी और की संलिप्तता तो नहीं थी, साथ ही सास के खाते से पैसे निकाले जाने के मामले की भी जांच जारी है। पूरी घटना की तह तक जाने के लिए पुलिस फोरेंसिक और पूछताछ दोनों स्तर पर काम कर रही है।

