यूपी पुलिस को मिले 28 नए IPS अफसर, गोमतीनगर विस्तार में हुई भव्य पिपिंग सेरेमनी, डीजीपी राजीव कृष्ण ने खुद बैज लगाकर किया सम्मानित

गृह मंत्रालय और यूपीएससी की मंजूरी के बाद 1997 से 2000 बैच के PPS अधिकारी बने IPS, राहुल श्रीवास्तव, पूर्णेंदु सिंह, हरेंद्र कुमार समेत कई नाम सूची में शामिल

उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक और भावुक पल देखने को मिला, जब प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) के 28 वरिष्ठ अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में औपचारिक रूप से पदोन्नत किया गया। गोमतीनगर विस्तार स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित पिपिंग सेरेमनी में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने अधिकारियों को नई रैंक लगाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह पदोन्नति संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिफारिश और केंद्रीय गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद संभव हो सकी। पीपीएस अफसरों को आईपीएस रैंक देने के लिए 25 जून 2026 को यूपीएससी की चयन समिति की बैठक हुई थी, जिसकी सिफारिशों को बाद में गृह मंत्रालय ने स्वीकृति दी। इस पदोन्नति का आधार 2025 की वरिष्ठता सूची रही।

किन बैचों के अधिकारी हुए शामिल

पदोन्नत होने वाले अफसरों में 1997 बैच के दो, 1998 बैच के एक, 1999 बैच के 15 और 2000 बैच के 10 अधिकारी शामिल हैं। इस तरह कुल 28 अधिकारियों को प्रांतीय सेवा से देश की शीर्ष पुलिस सेवा में शामिल किया गया।

पदोन्नत अधिकारियों की सूची में प्रमुख नाम

समारोह में जिन अधिकारियों को नई रैंक दी गई उनमें कमल किशोर, सुरेश चंद्र रावत, शोएब इकबाल, राहुल मिठास, आलोक कुमार शर्मा, राजकुमार, महेश सिंह अत्रि, विनीत भटनागर, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, शशि शेखर सिंह, कुलदीप सिंह, ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद, हरेंद्र प्रताप यादव, बंशराज सिंह यादव, डॉ. कृष्ण गोपाल, मधुबन कुमार सिंह, कपिलदेव सिंह, बलवंत कुमार चौधरी, राहुल श्रीवास्तव, राजेश कुमार पांडेय, प्रीति बाला गुप्ता, विकास चंद्र त्रिपाठी, पूर्णेंदु सिंह, हरेंद्र कुमार, मार्तंड प्रकाश सिंह, अभयनाथ त्रिपाठी, पवित्र मोहन त्रिपाठी और देवेश कुमार शर्मा के नाम शामिल हैं। गौरतलब है कि इस सूची में शामिल संजय कुमार यादव की पदोन्नति को फिलहाल अस्थायी (प्रोविजनल) रखा गया है, क्योंकि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जांच अभी चल रही है और जांच पूरी होने के बाद ही उनकी नियुक्ति पर अंतिम फैसला होगा। 

डीजीपी का संदेश — निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी

समारोह के दौरान डीजीपी राजीव कृष्ण ने पदोन्नत अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है, और सभी अधिकारी जहां भी तैनात हों, वहां पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने यह भी कहा कि अनुशासन पुलिस बल की सबसे बड़ी पहचान है और जनता का भरोसा बनाए रखना तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करना ही अधिकारियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। समारोह में अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) सहित पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, और कई पदोन्नत अफसरों के परिवारजन भी इस उपलब्धि को साझा करने के लिए वहां पहुंचे थे। पीसीएस से आईएएस बनने वालों की सूची भी हुई थी जारी, इससे पहले इसी सप्ताह राज्य सरकार ने 2010 से 2012 बैच के 29 पीसीएस अधिकारियों को भी आईएएस संवर्ग में पदोन्नति दी थी, जिससे प्रदेश के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में एक साथ बड़े स्तर पर फेरबदल का सिलसिला देखने को मिला।

आगे की तैनाती पर स्थिति साफ

फिलहाल शासन के निर्देशानुसार सभी नव-पदोन्नत IPS अधिकारी अपनी वर्तमान तैनाती पर ही सेवाएं जारी रखेंगे। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इनमें से कई अधिकारियों को नई और बड़ी जिम्मेदारियां भी सौंपी जा सकती हैं। इस पदोन्नति को यूपी पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है, जिससे प्रदेश में कानून-व्यवस्था को संभालने वाले अनुभवी अधिकारियों की टीम और मजबूत होगी।

यह भी पढ़ें: E20 पेट्रोल विवाद: सरकार और ऑटो विशेषज्ञों ने भ्रामक दावों को खारिज किया, F1 कारों का हवाला देकर जताया भरोसा

यहां से शेयर करें