ग्रेटर नोएडा: 130 मीटर रोड पर खुला रेलवे ओवरब्रिज, लाखों यात्रियों को मिली राहत

ग्रेटर नोएडा। तिलपता गोलचक्कर से मकौड़ा गोलचक्कर तक पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्टे के पास बना निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज मंगलवार से वाहनों के लिए खोल दिया गया है। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेनो वेस्ट और गाजियाबाद के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। लगभग 1600 मीटर लंबा और चार लेन का यह ओवरब्रिज डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) ने बनवाया है। इस आरओबी के नीचे से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की रेलवे लाइन गुजर रही है।

ट्रैफिक जाम से मिला छुटकारा

130 मीटर रोड पर वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण अंडरपास में अक्सर ट्रैफिक जाम लग जाता था। बारिश के मौसम में यह समस्या और भी विकट हो जाती थी। रेलवे ओवरब्रिज बनने से अब इस परेशानी से स्थायी निजात मिल गई है। ग्रेटर नोएडा से ग्रेनो वेस्ट, नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद के बीच सफर करने वालों के साथ-साथ नोएडा एयरपोर्ट आने-जाने वालों को भी खासी सहूलियत होगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार इस ओवरब्रिज को जल्द से जल्द पूरा कराने के लिए डीएफसीसीआईएल पर लगातार दबाव बनाए हुए थे।

तिलपता गोलचक्कर पर भी बनेगा यूटर्न

130 मीटर रोड को पूरी तरह जाम मुक्त करने की दिशा में एक और कदम उठाया जा रहा है। सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर तिलपता गोलचक्कर के दोनों तरफ यूटर्न बनाने का टेंडर जारी कर दिया गया है। वर्क सर्किल-7 को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। एक माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू होगा और तीन से चार माह में यह यूटर्न बनकर तैयार हो जाएगा।

एसीईओ सुमित यादव ने परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस यूटर्न के बनने से तिलपता चौराहे पर यातायात और अधिक सुगम हो जाएगा। साथ ही, 130 मीटर रोड के चौड़ीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।

 

यह भी पढ़ें: मुंबई में मानसून की दमदार दस्तक, कई इलाकों में भारी जलभराव; अंधेरी सबवे डूबा, IMD का अलर्ट जारी

यहां से शेयर करें