मैट्रिमोनियल फ्रॉड: शादी का झांसा देकर फंसाने और ब्लैकमेल का मामला, जानिए युवक को कैसे लगाया चूना

नोएडा: गौतमबुद्धनगर की एक स्थानीय अदालत (द्वितीय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट) के आदेश पर नोएडा सेक्टर-20 पुलिस ने एक महिला के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पीड़ित पति द्वारा कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र पर की गई है।

क्या है पूरा मामला?

नोएडा सेक्टर-19 निवासी पीड़ित हिमांशु शर्मा ने अदालत को बताया कि मार्च 2024 में उनकी मुलाकात कानपुर (हंसपुरम, नौबस्ता) की रहने वाली निधि शर्मा से हुई थी। निधि ने खुद को अविवाहित बताते हुए हिमांशु के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी और 10 अप्रैल 2024 को उन्होंने अरुण विहार (सेक्टर-29, नोएडा) के आर्य समाज मंदिर में विवाह कर लिया। विवाह के दौरान निधि ने बाकायदा एक नोटरी सत्यापित शपथ पत्र (Affidavit) जमा किया, जिसमें उसने दावा किया कि वह अविवाहित है और कभी किसी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में नहीं रही।

शादी के बाद खुला राज, शराब के नशे में देती थी धमकियां

पीड़ित के अनुसार, शादी के महज 8 दिन बाद (18 अप्रैल 2024) जब वह काम से घर लौटे, तो उन्होंने अपनी पत्नी को अत्यधिक शराब के नशे में धुत पाया। वह ‘भास्कर मिश्रा’ नामक किसी व्यक्ति को गालियां दे रही थी। इसके बाद 25 अप्रैल को हिमांशु ने अपनी पत्नी को घर पर किसी अनजान व्यक्ति से वीडियो कॉल पर ऊंची आवाज में पैसों की मांग और धमकी देते हुए पकड़ा। घर में शराब की बोतलें बरामद हुईं। पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी लगातार शारीरिक संबंध बनाने से भी कतराती रही।

चल-अचल संपत्ति और ₹20 लाख की मांग

शिकायत के मुताबिक, जून 2024 में मसूरी घूमने जाने के बाद से ही आरोपी महिला ने पीड़ित पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। 26 जून 2024 को महिला ने शराब के नशे में हिमांशु से उसकी सारी चल-अचल संपत्ति अपने नाम करने और 20 लाख रुपये नकद देने की मांग की। विरोध करने पर महिला ने धमकी दी। “मैंने पूर्व में तुझ जैसे पता नहीं कितने लोगों के खिलाफ झूठे मुकदमे लगाकर पैसे ऐंठे हैं। अगर बात नहीं मानी तो तेरा भी वही हाल होगा जो भास्कर मिश्रा और करन सतवानी का हुआ है।”

पहले से शादीशुदा और गिरोह चलाने का आरोप

हिमांशु शर्मा द्वारा की गई जांच में सामने आया कि निधि शर्मा एक आदतन अपराधी है, जो सीधे-साधे लोगों को प्रेम जाल में फंसाकर, फर्जी कागजात के सहारे झूठी शादी रचाती है और फिर भारी रकम वसूलती है। पीड़ित का आरोप है कि महिला उसके घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गई है और अब अपने कथित ऊंचे रसूख वाले बदमाशों से उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दिलवा रही है।

पुलिस की सुस्ती के बाद कोर्ट ने लिया संज्ञान

पीड़ित ने पहले थाना सेक्टर-20 और बाद में पुलिस आयुक्त (गौतमबुद्धनगर) को रजिस्टर्ड डाक द्वारा शिकायत भेजी थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कानूनी कार्रवाई न किए जाने पर थक-हारकर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के कड़े रुख के बाद अब सेक्टर-20 पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें : तृणमूल कांग्रेस पर बगावत का तूफान: कोषाध्यक्ष अरूप बिस्वास ने HDFC बैंक को TMC के 625 करोड़ के खाता फ्रीज करने की चिट्ठी लिखी, गहरे संकट में ममता बनर्जी

यहां से शेयर करें