दिव्यांग सहित 65 लोगों के बने आधार कार्ड

Dehradun news  पौड़ी गढ़वाल जनपद के ऐसे नागरिक जो विभिन्न कारणों से अब तक आधार पहचान से वंचित थे, उनके लिए जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की संयुक्त पहल अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुई। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में जिला कार्यालय परिसर में आयोजित विशेष आधार नामांकन एवं अद्यतन शिविर ने दर्जनों लोगों को पहचान, अधिकार और सरकारी योजनाओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
विशेष रूप से यह शिविर उन लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ, जिनका अब तक आधार नहीं बन पाया था। शिविर में 18 वर्ष से अधिक आयु के 23 नागरिकों का पहली बार आधार पंजीकरण किया गया। इनमें पांच दिव्यांगजन भी शामिल रहे, जो वर्षों से आधार पहचान पत्र से वंचित थे। आधार बनने के बाद अब उनके लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों, पेंशन योजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, बैंकिंग सेवाओं तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करना आसान हो सकेगा।
शिविर के दौरान कलालघाटी की 22 वर्षीय हिमानी नेगी, मुछियाली की 24 वर्षीय शोभा, कांसखेत के 24 वर्षीय अजय कुमार, खादर तल्ला के 49 वर्षीय सोबन सिंह तथा डांगी के 21 वर्षीय दीपक का पहली बार आधार पंजीकरण किया गया। इन सभी दिव्यांगजनों के लिए आधार पहचान पत्र बनने से उनके जीवन में एक महत्वपूर्ण बदलाव का मार्ग प्रशस्त हुआ है। अब वे विभिन्न सरकारी योजनाओं में आवेदन कर सकेंगे तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़ने में उन्हें सुविधा मिलेगी। इसके अलावा 0 से 5 वर्ष आयुवर्ग के पांच बच्चों का भी आधार पंजीकरण किया गया, जिससे भविष्य में उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी होगी। प्रशासन द्वारा बच्चों और दिव्यांगजनों को प्राथमिकता देते हुए उनकी प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया गया। शिविर में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए 65 लाभार्थियों को सफलतापूर्वक आधार पंजीकरण एवं आधार अद्यतन सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर के दौरान 28 नए आधार पंजीकरण किए गए, जबकि 37 लोगों के आधार कार्ड में नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि एवं अन्य आवश्यक जानकारियों का अद्यतन किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि शिविर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने आधार संबंधी सेवाओं का लाभ उठाया।

 

Dehradun news

यहां से शेयर करें