रोहिणी विशेष स्टाफ ने 10 हजार क्वार्टर अवैध शराब के साथ तस्कर दबोचा

New Delhi news रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 हजार क्वार्टर अवैध शराब बरामद की है। साथ ही शराब की खेप ढोने में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, एसीपी आॅपरेशन्स अजीत सिंह के पर्यवेक्षण तथा स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में गठित टीम को 4-5 जून की दरम्यानी रात अवैध शराब की खेप ले जाए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर हेड कांस्टेबल विकास सांगवान, विशाल तथा कांस्टेबल अजय और विनीत की टीम ने सेक्टर-3 रोहिणी क्षेत्र में जाल बिछाकर एक बुलेरो पिकअप वाहन को रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 200 कार्टनों से 10 हजार क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। वाहन चालक ने अपनी पहचान पंजाब के तरनतारन निवासी 51 वर्षीय निशान सिंह के रूप में बताई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर शराब और वाहन को कब्जे में ले लिया। साथ ही थाना साउथ रोहिणी में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58 के तहत एफआईआर संख्या 183/26 दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी निशान सिंह पहले भी आबकारी अधिनियम से जुड़े चार मामलों में संलिप्त रह चुका है। रोहिणी पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें