New Delhi news उत्तर जिला पुलिस के थाना मौरिस नगर की टीम ने मोबाइल स्नैचिंग के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर झपटमार और चोरी का मोबाइल खरीदने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो स्नैच किए गए और चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 24 मई को दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र रवि रंजन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। सुबह करीब 6:30 बजे केएमसी टीचर्स फ्लैट्स के पास एक मोटरसाइकिल सवार युवक उसका रेडमी मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना मौरिस नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए हेड कांस्टेबल महिपाल, नितिन, बृजेश और संदीप की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी मोटरसाइकिल पर भागता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसके भागने के रास्ते का पीछा किया और स्थानीय मुखबिरों को आरोपी की तस्वीर उपलब्ध कराई।
जानकारी के अनुसार, 1 जून को पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध युवक संगम पार्क इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर 23 वर्षीय अमित उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने छीना गया मोबाइल फोन संगम पार्क निवासी सचिन को 1500 रुपये में बेच दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सचिन को भी गिरफ्तार कर लिया और स्नैच किया गया मोबाइल बरामद कर लिया। इसके अलावा अमित के कब्जे से एक अन्य मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिसे उसने मौरिस नगर क्षेत्र के एक घर से चोरी किया था।
एमसीडी में संविदा कर्मचारी के रूप में काम करता है आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एमसीडी में संविदा कर्मचारी के रूप में सफाईकर्मी का काम करता है, लेकिन नशे और शराब की लत के कारण अपराध की दुनिया में शामिल हो गया। वह सुबह टहलने निकलने वाले लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन छीनता था और बाद में उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अमित पहले भी स्नैचिंग, चोरी और आबकारी अधिनियम से जुड़े पांच मामलों में शामिल रह चुका है। वहीं दूसरा आरोपी सचिन संगम पार्क क्षेत्र में एक होटल संचालित करता है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की तलाश कर रही है।
New Delhi news

