ग्रेटर नोएडा के घोड़ी बछेड़ा गांव की नवविवाहिता मोनिका नागर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है। मामले की गंभीरता और लगातार उठ रहे सवालों के बीच पुलिस कमिश्नरेट ने जांच दादरी थाने से हटाकर क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। अब एसीपी ग्रेटर नोएडा के नेतृत्व में विशेष टीम पूरे मामले की तह तक पहुंचेगी। साथ ही जांच में लापरवाही के आरोपों के चलते दादरी थाने के एसएसआई को सस्पेंड कर दिया गया है।
जांच का नया मोड़
एसीपी ग्रेटर नोएडा ने बताया कि मोनिका नागर मर्डर की जांच दो दिन पहले क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। पहले इस केस की जांच दादरी थाना पुलिस कर रही थी। इस केस से जुड़े तमाम सबूत भी मिल गए हैं। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा था, जो पुराना है या नया इसके लिए उसकी फरेंसिक जांच कराई जा रही है। इस मामले में पुलिस अब तक मुख्य आरोपी अनुज चौहान और उसे पेट्रोल उपलब्ध कराने वाले एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर चुकी है । पुलिस इस मामले में कई गंभीर धारा जोड़ने की तैयारी कर रही है।
क्या था पूरा मामला
दुजाना गांव की मोनिका नागर नोएडा के बरौला गांव में मां के साथ रहती थी। पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी है। तीन महीने पहले मोनिका ने घोड़ी बछेड़ी गांव के अनुज चौहान से प्रेम विवाह किया था । घरवालों का आरोप है कि अनुज ने 7 मई को मोनिका की हत्या कर दी। जब परिजन घोड़ी बछेड़ा पहुंचे तो आरोपी डेडबॉडी को गाड़ी में रखकर भागने लगे। पीड़ित पक्ष ने पीछा किया तो आरोपी की स्कॉर्पियो ने उनके वाहन में टक्कर मार दी। साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को ग्रेनों के जंगल ले जाकर आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच आग बुझाई और शव निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था। मोनिका की हत्या 7 मई को लाठियों से पीट-पीटकर की गई थी। मृतक महिला की मां ने पति अनुज चौहान सहित सात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अनुज को हजरतपुर गांव से सूरजपुर जाने वाले मार्ग पर नहर के निकट से पकड़ा है।
वायरल वीडियो की होगी फॉरेंसिक जांच
घटना के बाद एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में विवाहिता फंदा लगाती हुई दिखाई दे रही है। हालांकि मृतका के परिजनों ने इस वीडियो को पुराना बताया है। दावा किया जा रहा है कि यह पुराना और अधूरा वीडियो है। परिजनों का आरोप है कि हत्या को आत्महत्या साबित करने और मामले को दूसरा रूप देने के उद्देश्य से वीडियो वायरल किया गया। पुलिस ने इसकी फॉरेंसिक जांच कराने का निर्णय लिया है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि वीडियो कब बनाया गया, उसमें किसी तरह की एडिटिंग हुई है या नहीं और उसका घटना से कोई संबंध है या नहीं।
करोड़ों की संपत्ति का था लालच
परिजनों ने आरोप लगाया था कि दादरी पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। वे डीसीपी ऑफिस पहुंचे और घटना की शिकायत दी। उसके बाद केस दर्ज हुआ। घरवालों ने बताया कि पिता की मौत के बाद नोएडा में करोड़ों की संपत्ति मोनिका के नाम पर आ गई थी। इसके लालच में ही आरोपी ने मोनिका को अपने प्रेमजाल में फंसाया और शादी की। शादी के बाद मोनिका की करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी बेच दी। इसके बाद एक स्कॉर्पियो गाड़ी खरीदी। बताया जा रहा है कि आरोपी के पास फॉर्च्यूनर भी है। शादी से पहले आरोपी अनुज ऑटो चलाता था। मृतका मोनिका नागर की मां का आरोप लगाया है कि करोड़ों की प्रॉपर्टी के लालच में उनकी बेटी की हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और मामले का खुलासा तेजी से होने की उम्मीद जताई जा रही है।

