मोहनलाल का ‘दृश्यम 3’: मलयालम सिनेमा के महानायक मोहनलाल अपनी सबसे चर्चित फ्रेंचाइजी के तीसरे अध्याय ‘दृश्यम 3’ के साथ कल यानी 21 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाले हैं। यह तारीख संयोग से मोहनलाल का जन्मदिन भी है, जो फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता को और कई गुना बढ़ा देती है। निर्देशक जीतू जोसेफ द्वारा निर्देशित यह थ्रिलर न केवल एक सीक्वल है, बल्कि 2026 में मलयालम फिल्म उद्योग की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस परीक्षा बन चुकी है।
रिकॉर्डतोड़ एडवांस बुकिंग
‘दृश्यम 3’ ने अपनी थिएटर रिलीज से पूरे एक हफ्ते पहले ही वैश्विक प्री-सेल्स में ₹10 करोड़ ग्रॉस का आंकड़ा पार कर लिया था और यह मलयालम सिनेमा के किसी नॉन-एक्शन, सस्पेंस-थ्रिलर की अब तक की सबसे बड़ी एडवांस बुकिंग है। ताजा रिपोर्टों के अनुसार अब यह आंकड़ा ₹25 करोड़ ग्रॉस को भी पार कर चुका है और अनुमान है कि पहले शो से पहले यह ₹35 करोड़ या उससे अधिक तक पहुंच सकता है जो L2: एम्पुरान के बाद मलयालम सिनेमा की सबसे बड़ी प्री-सेल्स होगी। बुकमाईशो पर फिल्म ने 3,34,000 से अधिक टिकट बेचकर ‘पैट्रियट’ को पीछे छोड़ दिया है और प्लेटफॉर्म पर मलयालम सिनेमा की दूसरी सबसे बड़ी प्री-सेलर बन गई है। पहले स्थान पर L2: एम्पुरान का 13.3 लाख टिकट का रिकॉर्ड है। खास बात यह है कि इतनी बड़ी एडवांस बुकिंग किसी एक्शन फिल्म की नहीं, बल्कि एक सस्पेंस-ड्रामा की है — जो मॉलीवुड के इतिहास में पहली बार हुआ है।
केरल से लेकर दुनिया भर में धमाल
केरल में अकेले पहले दिन की एडवांस बुकिंग ₹4 करोड़ ग्रॉस को पार कर चुकी है और राज्य में 2 लाख से अधिक टिकट बिक चुके हैं। कोच्चि, तिरुवनंतपुरम और कोझिकोड इसके सबसे मजबूत केंद्र बनकर उभरे हैं, जहां कई प्रीमियम शो पहले ही हाउसफुल हो चुके हैं। नॉर्थ अमेरिका में भी फिल्म का प्रदर्शन उत्साहजनक है, जहां ओपनिंग ₹2 से ₹2.5 करोड़ के बीच रहने का अनुमान है। खाड़ी देशों, यूके और ऑस्ट्रेलिया में भी बुकिंग रुझान बेहद मजबूत बताए जा रहे हैं।
पैन-इंडिया रिलीज की बड़ी रणनीति
पिछले दोनों भागों को बाद में अलग-अलग भाषाओं में रीमेक किया गया था, लेकिन ‘दृश्यम 3’ पहली बार एक साथ तमिल, तेलुगु और कन्नड़ में डब होकर रिलीज हो रही है। हिंदी संस्करण, जिसमें अजय देवगन मुख्य भूमिका में हैं, 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाला है।
जॉर्जकुट्टी फिर लौटे
फिल्म का अनुमानित बजट ₹90 से 100 करोड़ के बीच है। मोहनलाल एक बार फिर शांत और बुद्धिमान जॉर्जकुट्टी के रूप में परदे पर लौटे हैं। मीना, एस्थर अनिल, अंसिबा हसन, सिद्दीकी और आशा शरथ समेत पुरानी पूरी कास्ट वापस आई है, जबकि वीना नंदकुमार एक पत्रकार की नई भूमिका में नजर आएंगी। मोहनलाल की विदेशों में खासकर खाड़ी देशों में बेमिसाल स्टारडम को देखते हुए यह उम्मीद जताई जा रही है कि ‘दृश्यम 3’ अंतरराष्ट्रीय बाजार में L2: एम्पुरान के रिकॉर्ड को तोड़ सकती है। अब सबकी नजरें 21 मई पर टिकी हैं। क्या जॉर्जकुट्टी एक बार फिर सबको चौंकाएगा? क्या ‘दृश्यम 3’ मलयालम सिनेमा के बॉक्स ऑफिस इतिहास को नए सिरे से लिखेगी? इसका जवाब कल मिलेगा।

