मथुरा में पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुए बावरिया गिरोह के दो बदमाश, 30 लाख की डकैती में थे वांछित

Police Encounter:

Police Encounter: मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरीर थाना क्षेत्र के टैंटीगांव में व्यापारी के घर हुई 30 लाख रुपये की डकैती के मामले में वांछित दो कुख्यात बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। बृहस्पतिवार सुबह हुई इस कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Police Encounter:

मारे गए अपराधियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी धर्मवीर उर्फ लंबू और अलवर निवासी राजेंद्र उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों शातिर अपराधी कुख्यात बावरिया गिरोह के सक्रिय सदस्य थे और लंबे समय से संगठित अपराधों में शामिल रहे थे।

23 अप्रैल को व्यापारी के घर डाली थी डकैती

जानकारी के अनुसार, बीती 23 अप्रैल की रात नकाबपोश बदमाशों ने टैंटीगांव निवासी व्यापारी अजय अग्रवाल के घर धावा बोला था। बदमाशों ने परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर करीब 30 लाख रुपये की नकदी और जेवरात लूट लिए थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी

पुलिस को बृहस्पतिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि डकैती में शामिल बदमाश इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो पुलिसकर्मी भी घायल

एसएसपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो सिपाही भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

कई राज्यों में दर्ज थे मुकदमे

पुलिस के अनुसार, धर्मवीर उर्फ लंबू का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर रहा है। उसके खिलाफ राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में डकैती, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत करीब 16 मुकदमे दर्ज थे।

वहीं राजेंद्र उर्फ पप्पू पर भी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत करीब 11 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों अपराधी लंबे समय से बावरिया गिरोह के लिए काम कर रहे थे, जो संगठित डकैती और हिंसक वारदातों के लिए कुख्यात माना जाता है।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य बदमाशों की तलाश भी तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Police Encounter:

यहां से शेयर करें