Punjab News: ED की बड़ी कार्रवाई: पूर्व DIG हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 11 ठिकानों पर छापेमारी

Punjab News: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम, 2002 के तहत पूर्व डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल हरचरण सिंह भुल्लर और उनसे जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए पंजाब और चंडीगढ़ में 11 ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली। इनमें चंडीगढ़ में 2, लुधियाना में 5, पटियाला में 2, नाभा में 1 और जालंधर में 1 स्थान शामिल हैं।

ये तलाशियां आरोपियों, उनके सहयोगियों और संदिग्ध बेनामीदारों से जुड़े ठिकानों पर की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध से अर्जित संपत्ति का पता लगाना, बेनामी संपत्तियों की पहचान करना और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े साक्ष्य एकत्र करना है।

ED की यह कार्रवाई सीबीआई की चंडीगढ़ यूनिट द्वारा दर्ज किए गए मूल अपराधों (Predicate Offences) के आधार पर की जा रही है। ये मामले एक आपराधिक केस को निपटाने के लिए बिचौलिए के जरिए अवैध रिश्वत मांगने के आरोपों और आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति पाए जाने से संबंधित हैं। गौरतलब है कि हरचरण सिंह भुल्लर पंजाब पुलिस में रोपड़ रेंज के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल के पद पर तैनात थे। सीबीआई ने अक्टूबर 2025 में एक कबाड़ डीलर से रिश्वत मांगने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया था। अब ED इस मामले में वित्तीय अनियमितताओं की गहन जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: Noida News:”जुनून” कार्यक्रम में 115+ एनजीओ का महामिलन, समाजसेवा के पांच साल का जश्न

यहां से शेयर करें