Noida News: नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन ऑडिटोरियम में एक्टिव एनजीओ समूह का वार्षिक कार्यक्रम “जुनून” धूमधाम से संपन्न हुआ। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में कार्यरत 115 से अधिक संगठनों की सहभागिता से यह आयोजन समाजसेवा की एकजुटता का प्रतीक बना। कोरोना काल में कुछ संगठनों की पहल से शुरू हुआ यह समूह आज न केवल शहर का सबसे बड़ा, बल्कि अपनी विविधता और सहयोग की भावना के कारण दुनिया का एक विशिष्ट और मजबूत एनजीओ नेटवर्क बन चुका है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नोएडा विधायक पंकज सिंह ने समूह के कार्यों की सराहना करते हुए समाज और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने एक जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि एक सहयोगी साथी के रूप में एक्टिव एनजीओ के साथ खड़े रहने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

एक्टिव एनजीओ समूह ने आयोजन में अपनी एक महत्वपूर्ण विशेषता को भी रेखांकित किया — इस मंच की कोई औपचारिक पद संरचना नहीं है और सभी सदस्य समान रूप से योगदान के आधार पर कार्य करते हैं। साथ ही यह समूह कमिश्नर कार्यालय, डीएम कार्यालय और नोएडा प्राधिकरण जैसे प्रशासनिक संस्थानों से सदस्य संगठनों को जोड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करता है।
समापन सत्र में समूह के एडमिन डॉ. अशोक श्रीवास्तव के अतुलनीय योगदान का विशेष उल्लेख किया गया। दूसरे एडमिन डॉ. रंजन तोमर ने समूह के गठन से पांच साल की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी उपस्थित नागरिकों को दी। कार्यक्रम में गीत, नुक्कड़ नाटिका, कविता पाठ और सम्मान समारोह जैसी प्रस्तुतियां भी हुईं। इस अवसर पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी (सेवानिवृत्त) योगेंद्र नारायण, नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना, युवा क्रांति सेना की संरक्षक और समाजसेवी शालिनी सिंह, पूर्व मंत्री अनिल सिंह तथा एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

