New Delhi news दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में दिल्ली पुलिस की स्पेशल यूनिट उत्तर पूर्वी क्षेत्र के लिए विशेष पुलिस इकाई (एसपीयूएनईआर) के आधिकारिक लोगो लॉन्च किया गया।
विशेष पुलिस आयुक्त डेविड लालरिनसांगा ने बताया कि नए लोगो को यूनिट की आसान पहचान के साथ-साथ उसके उद्देश्य और कार्यक्षेत्र को दर्शाने के लिए डिजाइन किया गया है। यह लोगो राजधानी में रह रहे नॉर्थ-ईस्ट राज्यों के लोगों की सुरक्षा, समावेशिता और त्वरित सहायता के प्रति स्पनर की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।
लोगो का डिजाइन सामुदायिक भागीदारी के आधार पर तैयार किया गया है, जिसमें नॉर्थ-ईस्ट समुदाय के सदस्यों के सुझावों को शामिल किया गया। बाद में विशेषज्ञों ने इन्हें एक सुसंगत और प्रभावी रूप दिया। बैज-स्टाइल संरचना वाला यह लोगो कानून-व्यवस्था की विश्वसनीयता और अधिकार को दर्शाने के साथ-साथ मानवीय पहलुओं—विश्वास, सहयोग और सहजता—को भी उजागर करता है।
लद्दाखी निवासियों को सशक्त बनाने पर कार्य कर रही हैं यूनिट
उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के लिए विशेष पुलिस इकाई नानकपुरा की पुलिस उपायुक्त अंजीता चेप्याला ने बताया कि वर्ष 2014 से सक्रिय स्पनर राजधानी में रहने वाले नॉर्थ-ईस्ट राज्यों के नागरिकों, दार्जिलिंग के गोरखा समुदाय और लद्दाखी निवासियों को सहायता और सशक्त बनाने के मिशन पर कार्य कर रही है। यूनिट 1093 हेल्पलाइन, 24*7 मोबाइल पेट्रोलिंग, जरूरतमंद परिवारों को पार्थिव शरीर उनके गृह राज्यों तक पहुंचाने, चिकित्सा सहायता और रियायतें उपलब्ध कराने जैसे कई मानवीय कार्य कर रही है।
खेलकूद और छात्र सम्मेलनों से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देता है स्पनर
इसके अलावा, स्पनर समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और छात्र सम्मेलनों का आयोजन कर सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देती है। यूनिट का उद्देश्य न केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना, बल्कि समुदाय के बीच विश्वास और आत्मविश्वास को भी मजबूत करेंगा।

New Delhi news

