ग्रेटर नोएडा: वीडियो कॉल के दौरान उठा सीने में दर्द, इलाज के दौरान दरोगा ने तोड़ा दम

ग्रेटर नोएडा। यमुना सिटी के रबूपुरा थाने में तैनात दरोगा अनुपम कनौजिया की सोमवार को हृदय गति रुकने से दर्दनाक मौत हो गई। थाने के स्टाफ क्वार्टर में काम के दौरान परिवार से वीडियो कॉल पर बात करते-करते अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे बेहोश हो गए। समय पर अस्पताल पहुंचाने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

वीडियो कॉल पर बात करते-करते आया हार्ट अटैक

जानकारी के अनुसार दरोगा अनुपम कनौजिया स्टाफ क्वार्टर में विभागीय काम निपटा रहे थे। इसी दौरान परिवार का वीडियो कॉल आया। बात करते समय अचानक सीने में दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद उन्होंने फोन काटा और लेट गए। साथ में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

बुलंदशहर से ग्रेटर नोएडा रेफर, फिर भी नहीं बची जान

बुलंदशहर के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ग्रेटर नोएडा के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। लेकिन यहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

कानपुर के रहने वाले थे दरोगा, परिवार में पसरा मातम

मूल रूप से कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के निवासी दरोगा अनुपम कनौजिया की असमय मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों को सूचना मिलते ही वे तत्काल ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना हो गए। पुलिस महकमे में भी इस खबर से शोक की लहर दौड़ गई।

 

यह भी पढ़ें: पुलिस चौकी से 50 मीटर दूर कार का शीशा तोड़ बदमाश उड़ा ले गए लैपटॉप, ज्वेलरी और नगदी

यहां से शेयर करें