पुलिस चौकी से 50 मीटर दूर कार का शीशा तोड़ बदमाश उड़ा ले गए लैपटॉप, ज्वेलरी और नगदी

ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 स्थित ओमेक्स पैलेस मॉल के बाहर दिनदहाड़े कार चोरी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। हैरान करने वाली बात यह है कि यह घटना बीटा-2 पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। अज्ञात बदमाशों ने खड़ी कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप, नगदी, क्रेडिट कार्ड, एटीएम, जरूरी दस्तावेज और ज्वेलरी पर हाथ साफ कर लिया।

आंधी-बारिश का उठाया फायदा

घटना 17 अप्रैल 2026 की शाम की बताई जा रही है। पीड़िता किसी जरूरी काम से मॉल गई थीं। उस दौरान क्षेत्र में हल्की आंधी और बारिश होने लगी, जिसके चलते वह मॉल में अधिक देर तक रुकी रहीं। करीब एक घंटे बाद जब वह लौटीं तो कार का शीशा टूटा हुआ मिला और अंदर रखा सारा कीमती सामान गायब था। माना जा रहा है कि बदमाशों ने मौसम का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया।

चौकी से नहीं मिला संतोषजनक जवाब, ऑनलाइन दर्ज कराई FIR

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि नजदीकी चौकी से उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। मजबूर होकर उन्हें खुद ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करानी पड़ी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

भीड़भाड़ वाले इलाके में और वह भी पुलिस चौकी के एकदम नजदीक हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर रोष है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

यहां से शेयर करें