गड्ढे बने मौत के सौदागर: नोएडा के सेक्टर 36 के गेट नंबर 8 के बाहर मॉडल रोड की ग्रीन बेल्ट की दीवार नवंबर 2024 से नाले में गिरी हुई है, लेकिन छह महीने बाद भी न दीवार की मरम्मत हुई, न मलबा हटाया गया। स्थानीय निवासी लगातार शिकायतें कर रहे हैं, पर प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई।
6 महीने, सिर्फ 100 मीटर, फिर भी काम नहीं
8 नवंबर 2024 और 6 अप्रैल 2025 की तस्वीरों की तुलना करने पर साफ दिखता है कि स्थिति जस की तस है। अप्रैल की तस्वीर में तो टूटी दीवार पर कचरे का ढेर भी नज़र आ रहा है। महज 100 मीटर की दीवार की मरम्मत के लिए छह महीने का समय पर्याप्त से अधिक है, बावजूद इसके कोई कदम नहीं उठाया गया।
सेक्टर 94 हादसे के बाद फिर उठे सवाल
हाल ही में सेक्टर 94 में हुए हादसे के बाद एक बार फिर बुनियादी ढांचे की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि सेक्टर 36 में भी किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है, तब जाकर शायद प्रशासन हरकत में आए।
नागरिक बोले “कब तक शिकायतें करें?”
स्थानीय निवासी ने बताया कि वे नवंबर से लगातार नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को सूचना दे रहे हैं, लेकिन मरम्मत तो दूर, नाले में गिरा मलबा तक नहीं हटाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतनी लापरवाही क्यों बरती जा रही है?
विशेषज्ञों की राय
नगर नियोजन विशेषज्ञों के अनुसार नाले के किनारे गिरी दीवार और मलबा बाढ़ के मौसम में जलभराव और हादसों को न्योता दे सकता है। मानसून से पहले इसे ठीक न किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
प्रशासन का पक्ष
संबंधित विभाग से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

