गौतमबुद्ध नगर। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय, ग्राम कौन्दू, जनपद बुलंदशहर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 की प्रवेश परीक्षा का परिणाम 1 अप्रैल 2026 को जारी कर दिया गया। इस परिणाम में गौतमबुद्ध नगर जिले के कुल 34 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।
कितने छात्र हुए उत्तीर्ण
मेरठ मंडल की कुल 140 सीटों में से गौतमबुद्ध नगर जिले के अभ्यर्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। कक्षा 6 में 21 अभ्यर्थी सफल हुए, जिनमें 10 बालक और 11 बालिकाएं शामिल हैं। वहीं कक्षा 9 में 13 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 9 बालक और 5 बालिकाएं हैं। इस प्रकार दोनों कक्षाओं को मिलाकर जिले से कुल 34 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
4 अप्रैल को होगी काउंसलिंग
सभी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के अभिलेखों के सत्यापन यानी काउंसलिंग के लिए 4 अप्रैल 2026 को प्रातः 9 बजे अटल आवासीय विद्यालय, कौन्दू, बुलंदशहर में उपस्थित होना अनिवार्य है। सभी सफल अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपेक्षा की जाती है कि वे निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ विद्यालय पहुंचें।
श्रमिक परिवारों के बच्चों को मिलता है लाभ
उल्लेखनीय है कि अटल आवासीय विद्यालय उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित किया जाता है। यह योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर देकर उनके उज्जवल भविष्य की नींव रखती है।

