हिमालय प्राइड सोसाइटी में फिर लिफ्ट हादसा: युवती 20 मिनट तक फंसी रही, बिल्डर प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसाइटियों में लिफ्ट से जुड़ी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। सोमवार को एक बार फिर हिमालय प्राइड सोसाइटी में लिफ्ट खराब होने की घटना सामने आई, जिसमें एक युवती करीब 15 से 20 मिनट तक लिफ्ट के अंदर फंसी रही। लंबे समय तक बंद लिफ्ट में कैद रहने के कारण युवती की तबीयत बिगड़ गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह पहला मौका नहीं है जब इस सोसाइटी में लिफ्ट में फंसने की घटना हुई हो। इससे पहले नवमी पर कन्या पूजन के बाद घर लौट रही कई छोटी बच्चियां और महिलाएं भी इसी सोसाइटी की लिफ्ट में फंस चुकी हैं। उस घटना के बाद भी बिल्डर प्रबंधन ने लिफ्ट के रखरखाव की ओर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते एक बार फिर यह हादसा हो गया।

सोसायटी के एओए सचिव मयंक मिश्रा ने बताया कि यहां रोजाना लिफ्ट खराब होने की समस्या बनी रहती है। उन्होंने कहा कि बिल्डर प्रबंधन से कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। निवासियों ने एक बार फिर नाराजगी जताते हुए रखरखाव प्रबंधन से इस मामले की शिकायत की है और जल्द समाधान की मांग की है।

निवासियों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इस मामले में संबंधित अधिकारियों की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है।

 

यह भी पढ़ें: मौसम बदलते ही दिल के मरीजों पर बढ़ता खतरा, डॉक्टर ने दी सतर्क रहने की सलाह

यहां से शेयर करें