New Delhi news दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर नकेल कसते हुए रोहिणी जिले के कराला-कंझावला इलाके में छापेमारी कर 50 अवैध एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले मेंपिता-पुत्र समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि क्राइम ब्रांच (एनआर-1) की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सुखबीर नगर, राम विहार इलाके में एलपीजी सिलेंडरों का अवैध भंडारण और रिफिलिंग का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने समन्वित कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान आरोपित कुंवर पाल और उसका बेटा पंकज पाल मौके पर अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए गए।
पुलिस ने मौके से कुल 50 सिलेंडर बरामद किए, जिनमें 29 भरे हुए और 21 खाली सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा सिलेंडरों की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही एक टाटा ऐस गाड़ी और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा (वजन मापने की मशीन) भी जब्त की गई है। जांच में सामने आया है कि आरोपित कुंवर पाल एक अधिकृत गैस एजेंसी के साथ डिलीवरी मैन के तौर पर जुड़ा हुआ था। वह एजेंसी से सिलेंडर लेकर तय संख्या में ग्राहकों तक पहुंचाने के बजाय उन्हें अपने घर पर ही जमा कर लेता था। इसके बाद अवैध उपकरणों की मदद से भरे सिलेंडरों से गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरता था और उन्हें खुले बाजार में ऊंचे दामों पर बेचता था। इस पूरे खेल में उसका बेटा पंकज पाल भी बराबर का साझेदार था। दोनों मिलकर लंबे समय से इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे और भारी मुनाफा कमा रहे थे।

New Delhi news

