दादरी तहसील में भ्रष्टाचार चरम पर, पूर्व सचिव बोले — प्रशासन कर रहा भ्रष्टाचारियों का समर्थन

दादरी। दादरी तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ विरोध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को तहसील दिवस के अवसर पर वकीलों और पीड़ित लोगों ने तहसील प्रांगण में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान तहसील के पूर्व सचिव आरपी सिंह राणा ने खुलकर प्रशासन पर निशाना साधा और कहा कि दादरी तहसील में भ्रष्टाचार अब चरम सीमा पर पहुंच चुका है।

बिना रिश्वत नहीं होता कोई काम

पूर्व सचिव आरपी सिंह राणा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि तहसील के अधिकांश कर्मचारी और अधिकारी बिना रिश्वत लिए कोई भी सरकारी काम नहीं करते। आम जनता को अपने जायज कागजात और सेवाएं पाने के लिए भी मजबूरन घूस देनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति न केवल शासन-प्रशासन की विफलता को उजागर करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि व्यवस्था में तत्काल सुधार की सख्त जरूरत है।

प्रशासन पर भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप

पूर्व सचिव ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन भ्रष्टाचार को खत्म करने की दिशा में कोई ठोस कदम उठाने के बजाय भ्रष्ट तत्वों को संरक्षण दे रहा है। उन्होंने कहा कि धरना प्रदर्शन और शिकायतों के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं आया है, जिससे आम जनता का प्रशासन पर से भरोसा लगातार उठता जा रहा है।

अधिकारियों से की ठोस कार्रवाई की मांग

आरपी सिंह राणा ने वरिष्ठ अधिकारियों से अपील की कि वे तहसील में खुलेआम हो रहे भ्रष्टाचार पर गंभीरता से ध्यान दें और दोषी कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने चेताया कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में वकील समुदाय और तहसील की कार्यप्रणाली से परेशान बड़ी संख्या में पीड़ित लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर मांग की कि भ्रष्ट अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और आम जनता को बिना किसी उत्पीड़न के उनकी सेवाएं मिल सकें।

 

यह भी पढ़ें: प्रीपेड स्मार्ट मीटर बना मुसीबत, आरडब्ल्यूए ने यूपीपीसीएल से मांगा समाधान

यहां से शेयर करें