Fraud in the name of sending people abroad: थाना बिसरख पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 पासपोर्ट, 90 विजिटिंग कार्ड, 24 फर्जी वीजा (फोटोकॉपी), 6 वीजा के खाली लिफाफे, 37 लेटर पैड, एक फर्म रजिस्ट्रेशन, 2 फर्म सर्टिफिकेट, 2 कूट मोहर, 3 मोबाइल फोन और 47 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि 7 मार्च को एक व्यक्ति ने थाना बिसरख में तहरीर देकर शिकायत की थी कि सक्षम शर्मा उर्फ बिट्टू शर्मा और राजीव शर्मा उर्फ सुरेंद्र ने गौर सिटी मॉल में रङ स्काई वीजा वेंचर नाम से कार्यालय खोल रखा है। आरोपी कॉलिंग और अन्य माध्यमों से लोगों से संपर्क कर उन्हें विदेश भेजने के नाम पर वर्क वीजा बनवाने का झांसा देते थे।
आरोपी लोगों से उनके पासपोर्ट लेकर फर्जी और कूटरचित वीजा तैयार कर व्हाट्सएप के माध्यम से भेज देते थे। इस तरह उन्होंने कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी की। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कई टीमें गठित की गईं। सोमवार को थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से अभियुक्त सक्षम शर्मा उर्फ बिट्टू पुत्र पालाराम को साईं नर्सरी के सामने एटीएस रोड, थाना बिसरख क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
लोगों को फिनलैंड, पोलैंड और रूस भेजने का देते थे झांसा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गौर सिटी मॉल में कार्यालय खोलकर खुद को सक्षम शर्मा और अपने साथी सुरेंद्र को राजीव शर्मा बताकर लोगों को फिनलैंड, पोलैंड और रूस भेजने का झांसा देते थे। प्रत्येक ग्राहक से 80 हजार से 1 लाख रुपये तक की फीस वसूली जाती थी। कई लोगों से विदेश भेजने और नौकरी दिलाने की गारंटी के नाम पर एग्रीमेंट भी किए गए थे। जब ग्राहक वीजा और पासपोर्ट की मांग करते थे तो आरोपी फर्जी वीजा बनाकर उनके मोबाइल पर भेज देते थे। बाद में जब पीड़ितों ने संबंधित एम्बेसी से जांच कराई तो वीजा फर्जी पाए गए।
विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा बनाने का करता था काम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सक्षम शर्मा उर्फ बिट्टू ने पूछताछ में बताया कि वह विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा बनाने का काम करता था। उसके खिलाफ पहले भी थाना मेडिकल (मेरठ) और पानीपत (हरियाणा) में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि गिरोह ने सैकड़ों लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है। फरार आरोपी राजीव शर्मा उर्फ सुरेंद्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

