Ramnagari Ayodhya: अयोध्या। रामनगरी अयोध्या स्थित राम मंदिर में 19 मार्च को होने वाले भव्य समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार कार्यक्रम में आने वाले विशिष्ट अतिथियों के लिए क्यूआर कोड से लैस विशेष आमंत्रण पत्र जारी किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मेहमानों को प्रवेश से पहले आमंत्रण पत्र पर मौजूद क्यूआर कोड स्कैन कराना अनिवार्य होगा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार क्यूआर कोड स्कैन होने के बाद ही अतिथियों को मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी और आमंत्रित मेहमानों की पहचान भी आसानी से हो सकेगी। सभी मेहमानों को सुबह 10 बजे तक मंदिर परिसर में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद आने वाले मेहमानों को सुरक्षा कारणों से प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
Ramnagari Ayodhya:
19 मार्च को होने वाले इस विशेष समारोह में देशभर से संत-महंत, विशिष्ट अतिथि और कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। समारोह को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, पार्किंग, प्रवेश व्यवस्था और अतिथियों के स्वागत की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
वहीं राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से मेहमानों के ठहरने के लिए अयोध्या धाम में 1500 से अधिक कमरे बुक किए गए हैं। इनमें ज्यादातर कमरे होम स्टे और गेस्ट हाउस में हैं। राम मंदिर के आसपास स्थित होम स्टे को प्राथमिकता दी गई है और 18 व 19 मार्च के लिए अधिकांश होम स्टे और गेस्ट हाउस फुल हो चुके हैं। इसके अलावा कारसेवकपुरम, रामसेवकपुरम और तीर्थ क्षेत्र पुरम में भी कार्यकर्ताओं व मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।
Ramnagari Ayodhya:

