Holi Milan Celebration: वृन्दावन चंद्रोदय मंदिर के नोएडा केंद्र द्वारा ओमाया बैंक्वेट हॉल में फूलों की होली का अत्यंत आध्यात्मिक एवं भक्तिमय उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भक्तों, परिवारों एवं विशिष्ट अतिथियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। संपूर्ण संध्या भक्ति, संस्कृति और दिव्य उल्लास से ओतप्रोत रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मधुर भजन एवं संकीर्तन से हुआ। भगवान के पवित्र नामों की ध्वनि से पूरा सभागार गुंजायमान हो उठा। भक्तजन उत्साहपूर्वक संकीर्तन में सम्मिलित हुए, जिससे वातावरण व्रज धाम की होली लीलाओं जैसा प्रतीत होने लगा। उत्सव का मुख्य आकर्षण श्री श्री राधा वृन्दावन चन्द्र एवं श्री श्री निताइ गौरांग के दिव्य विग्रहों का पवित्र अभिषेक एवं पुष्प अभिषेक रहा। भगवान का विभिन्न पवित्र द्रव्यों से विधिवत अभिषेक किया गया तथा तत्पश्चात सुगंधित पुष्पों की वर्षा अर्पित की गई। पुष्प अभिषेक के दौरान जब सम्पूर्ण सभागार पुष्पों से आच्छादित हो उठा तो उपस्थित भक्त भावविभोर हो गए।
इस अवसर पर मंदिर के अध्यक्ष चंचलापति दास ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि भगवान और भक्तों के मध्य प्रेमपूर्ण आदान-प्रदान का दिव्य उत्सव है। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन आधुनिक समाज को भारत की सनातन परंपरा से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। कार्यक्रम में जॉइंट पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्रा, एडिशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी तथा सेवानिवृत्त मुख्य सचिव आर.के. तिवारी सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाया।

