Made In India Semiconductor Chip: कल ‘इंडिया चिप’ कार्यक्रम में जुटेंगे दिग्गज; भारी वाहनों और ट्रैफिक के लिए रूट एडवाइजरी जारी, घर से निकलने से पहले पढ़ें

Made in India Semiconductor Chip: गौतमबुद्धनगर के सेक्टर 28 में कल, 21 फरवरी 2026 को एक ऐतिहासिक अवसर होने जा रहा है। HCL ग्रुप और फॉक्सकॉन (Foxconn) के संयुक्त उपक्रम “इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड” के कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में केंद्र व राज्य सरकार के कई अतिविशिष्ट (VVIP) महानुभावों और दिग्गजों के शामिल होने की संभावना है।

सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक और पार्किंग एडवाइजरी जारी की है। यदि आप कल यमुना एक्सप्रेस-वे या ग्रेटर नोएडा की ओर जा रहे हैं, तो इन बदलावों को ध्यान में रखें।

प्रमुख रूट और डाइवर्जन प्लान

पुलिस प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए हैं:

1. VVIP और विशिष्ट मेहमानों के लिए (दिल्ली/नोएडा से)

दिल्ली DND या चिल्ला बॉर्डर से आने वाले विशिष्ट अतिथि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से होते हुए जीरो पॉइंट पहुंचेंगे। वहां से यमुना एक्सप्रेस-वे पर फलैदा कट (26 किमी) से उतरकर सीधे सेक्टर 28 कार्यक्रम स्थल के दाहिने बनी VIP पार्किंग में जा सकेंगे।

2. स्कूल और HCL की बसों के लिए मार्ग

  • आगमन: नोएडा से आने वाली बसें यमुना एक्सप्रेस-वे के फलैदा कट (26 किमी) से उतरकर पुराना रबूपुरा रोड होते हुए पानी की टंकी के पास निर्धारित पार्किंग में खड़ी होंगी।
  • निकासी: कार्यक्रम के बाद ये बसें रबूपुरा/दनकौर सर्विस रोड, गलगोटिया यूनिवर्सिटी और गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी होकर वापस जा सकेंगी।

3. मीडिया और कंपनी कर्मियों के लिए

मीडिया कर्मी और HCL के पास धारक वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे के फलैदा कट से उतरकर तीर्थली डबल सर्विस रोड का प्रयोग करेंगे। सेन्ट्रल वेयर हाउस बिल्डिंग के पास टी-पॉइंट से दाहिने मुड़कर मीडिया पार्किंग में वाहन पार्क किए जाएंगे।

4. स्थानीय क्षेत्रों (जेवर, ककोड, दनकौर) से आने वाले वाहन

  • ककोड/झाझर की ओर से: ये वाहन रबूपुरा बाईपास और तीर्थली चौराहा होते हुए यीडा ग्रीन पार्क के पीछे बनी सामान्य पार्किंग (पानी की टंकी के पास) में जाएंगे।
  • जेवर/दयानतपुर की ओर से: तीर्थली चौराहा से यीडा ग्रीन पार्क की ओर मुड़कर पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे।
  • दनकौर/रबूपुरा की ओर से: डबल सर्विस रोड से फिल्म सिटी और फलैदा चौराहा होकर पुराना रबूपुरा रोड स्थित पार्किंग का उपयोग करेंगे।

पार्किंग व्यवस्था एक नजर में

पार्किंग श्रेणी स्थान
VVIP पार्किंग कार्यक्रम स्थल के ठीक दाहिने
सामान्य बस पार्किंग सेन्ट्रल वेयर हाउस और पानी की टंकी के बीच खाली प्लॉट
मीडिया/पुलिस/विभाग VIP पार्किंग के दाहिने भाग में
स्कूल बसें (HCL/शिव नादर) पानी की टंकी से पूर्व खाली बंद मार्ग पर

आपातकालीन सेवाओं के लिए छूट

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के दौरान एम्बुलेंस और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन वाहनों को बिना किसी रोक-टोक के प्राथमिकता के आधार पर निकाला जाएगा।

हेल्पलाइन नंबर:  यातायात के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर वाहन चालक यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं।

सावधानी: आम जनता से अपील की गई है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और पुलिस द्वारा लगाए गए साइन बोर्ड का पालन करें।

यह भी पढ़ें: Major accident in Noida: सर्फाबाद में निर्माणाधीन मकान की शटरिंग गिरी, हादसे में एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल

यहां से शेयर करें