New Delhi news राजधानी में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक अहम पहल की है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के बीच सड़क सुरक्षा शिक्षा को नया आयाम देने के लिए सोमवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
पुलिस मुख्यालय में संपन्न इस एमओयू साइनिंग समारोह में दिल्ली के पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा और विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) नीरज ठाकुर मौजूद रहे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने इस पहल को जनहित में पुलिस और कॉरपोरेट क्षेत्र के बीच प्रभावी सहयोग का बेहतरीन उदाहरण बताया।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक मुख्यालय) सत्यवीर कटारा ने जबकि सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया की ओर से कार्यकारी अधिकारी (एचआर व बिजनेस डेवलपमेंट) देवाशीष हांडा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस मौके पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया और वैल्यू लाइफ फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस रणनीतिक साझेदारी के तहत बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क के उन्नयन, रखरखाव और बेहतर संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया अपने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत पार्क में सड़क सुरक्षा से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए वित्तीय और तकनीकी सहयोग प्रदान करेगी।
प्रशिक्षण ढांचे को किया जाएगा और बेहतर
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस सहयोग में प्रशिक्षण ढांचे को बेहतर बनाना, आधुनिक सड़क सुरक्षा उपकरणों की स्थापना, इंटरैक्टिव ट्रेनिंग मॉड्यूल विकसित करना, साइन बोर्ड और जागरूकता सामग्री को मजबूत करना तथा स्कूली बच्चों और आम लोगों के लिए नियमित सड़क सुरक्षा कार्यक्रम शामिल हैं। वैल्यू लाइफ फाउंडेशन इस परियोजना की क्रियान्वयन एजेंसी के रूप में काम करेगी और ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क के दैनिक संचालन व मानव संसाधन प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेगी।
समुदाय की भागीदारी को लेकर नए विचारों पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा शिक्षा और समुदाय की भागीदारी को लेकर नए विचारों पर भी चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने सभी हितधारकों से प्रतिबद्धता और दूरदृष्टि के साथ काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क को एक आदर्श सड़क सुरक्षा शिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, जिसे देशभर में अपनाया जा सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली के हर यात्री के लिए सुरक्षित भविष्य बनाना ही इस पहल का लक्ष्य है।
इस सहयोग से पारंपरिक ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क को आधुनिक और इंटरैक्टिव लर्निंग हब में बदला जाएगा, जहां तकनीक, व्यावहारिक प्रशिक्षण और विशेषज्ञ मार्गदर्शन के जरिए स्कूली बच्चों, युवा चालकों और आम नागरिकों को ट्रैफिक नियमों, रक्षात्मक ड्राइविंग और जिम्मेदार सड़क व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
New Delhi news

